ओडिशा ट्रेन हादसा: CBI ने किया बहानगा बाजार रेलवे स्टेशन सील, अगले आदेश तक नहीं नहीं रुकेगी कोई ट्रेन
Balasore Train Accident Investigation: ओडिशा ट्रेन हादसे की सीबीआई जांच के तहत अगले आदेश तक बहानगा रेलवे स्टेशन पर कोई ट्रेन नहीं रुकेगी। यही से गुजरने के दौरान कोरोमंडल एक्सप्रेस मालगाड़ी से टकराई थी।
Balasore Train Accident: ओडिशा के बालासोर में 2 जून को हुए दर्दनाक ट्रेन हादसे की जांच सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) कर रही है। इस हादसे में 288 लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद अब जिस स्टेशन पर यह हादसा हुआ, वहां अगले आदेश तक कोई भी ट्रेन नहीं रुकेगी।
रिपोर्ट के मुताबिक ओडिशा के बहनागा बाजार स्टेशन पर कोई ट्रेन नहीं रुकेगी। हाल ही में तीन ट्रेनों के बीच हुए भीषण हादसे की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने स्टेशन को सील कर दिया है।

दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आदित्य कुमार चौधरी ने बताया कि सीबीआई ने स्टेशन को सील कर दिया और लॉग बुक, रिले पैनल और हार्ड डिस्क जैसे अन्य उपकरण भी जब्त कर लिए। उन्होंने कहा, "रिले इंटरलॉकिंग पैनल को सिग्नलिंग सिस्टम तक कर्मचारियों की पहुंच को प्रतिबंधित करते हुए स्टेशन को सील कर दिया गया है, अगली सूचना तक कोई भी यात्री या मालगाड़ी बहनागा बाजार में नहीं रुकेगी।"
170 ट्रेनें गुजरती हैं
आपको बता दें कि अप और डाउन लाइन के बहाल होने के बाद से कम से कम सात ट्रेनें स्टेशन पर रुकती हैं। हालांकि लगभग 170 ट्रेनें हर दिन बहनागा बाजार रेलवे स्टेशन से गुजरती हैं, केवल कुछ यात्री ट्रेनें ही स्टेशन पर एक मिनट के लिए रुकती थीं।
गौरतलब है कि सीबीआई ने दुर्घटना की जांच अपने हाथ में ले ली थी और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की थी। इस हादसे को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि ट्रिपल ट्रेन दुर्घटना का "मूल कारण" इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम में बदलाव था।
तोड़फोड़ और छेड़छाड़ की जताई आशंका
हालांकि हादसे को लेकर रेलवे अधिकारियों ने यह भी आशंका जताई है कि इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम के साथ तोड़फोड़ और छेड़छाड़ की जा सकती थी। बता दें कि ट्रेन हादसे की जांच के लिए सीबीआई की टीम ने बालासोर में डेरा जमाया हुआ है। संभावना जताई जा रही है कि टीम के हाथ कुछ अहम सुराग लग सकते हैं। याद रहे कि बालासोर जिले के बहनागा बाजार स्टेशन के पास दो जून को दो पैसेंजर ट्रेनों और एक मालगाड़ी के बीच रेल दुर्घटना हुई थी। जिसमें 288 लोगों की जान गई थी।












Click it and Unblock the Notifications