Odisha Assembly Election: ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए 42 सीटों पर वोटिंग जारी, 11 बजे तक 22.99 फीसदी मतदान
State Assembly Election, Odisha: ओडिशा में आज विधानसभा चुनाव के चौथे और आखिरी चरण के लिए मतदान हो रहा है। इलेक्शन कमीशन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सुबह 11 बजे तक विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के अंतर्गत 22.97 प्रतिशत वोट डाले गए हैं।
ओडिशा विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में कुल 42 सीटों पर वोटिंग की जा रही है। इस चुनावी मौसम में राज्य में 13, 20, 25 मई और 1 जून को लोकसभा और विधानसभा सीटों के लिए एक साथ मतदान हुआ।

1 करोड़ मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग
विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के साथ-साथ लोकसभा के सातवें और आखिरी चरण के लिए मयूरभंज, बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा और जगतसिंहपुर की सीटों पर मतदान किया जा रहा है। राज्य में एक साथ होने वाले विधानसभा के चौथे और लोकसभा के सातवें और अंतिम दौर के मतदान में लगभग 1 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। ओडिशा में वोटिंग के लिए कुल 10,882 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
विधानसभा के लिए 394, लोकसभा के लिए 66 उम्मीदवार मैदान में
चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुल 36,000 सुरक्षाकर्मी और 72,000 मतदान अधिकारी तैनात किए गए हैं। छह लोकसभा सीटों के लिए 66 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि 42 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 394 कैंडिडेट्स चुनाव मैदान में हैं।
पीटीआई समाचार एजेंसी ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) एनबी ढल के हवाले से कहा कि भीषण गर्मी के बीच, मतदाताओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए मतदान केंद्रों पर विशेष व्यवस्था की गई है।
इस बीच, डीजीपी अरुण कुमार सारंगी ने कहा कि छह लोकसभा क्षेत्रों में केंद्रीय बलों की 125 कंपनियों सहित 36,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। लगभग 2,280 मतदान केंद्रों की पहचान महत्वपूर्ण के रूप में की गई है, जिससे स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय बलों की तैनाती की आवश्यकता है।
चुनाव के इस दौर के लिए ओडिशा के कुछ मुख्य उम्मीदवार जिनकी साख दांव पर है, में विधानसभा अध्यक्ष प्रमिला मलिक, सरकारी मुख्य सचेतक प्रशांत कुमार मुदिली के साथ ही चार मौजूदा सांसद, प्रताप सारंगी (बालासोर), मंजुला मंडल (भद्रक), सर्मिष्ठा सेठी (जाजपुर) और राजश्री मलिक (जगतसिंहपुर) शामिल हैं।
चुनावों से पहले, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बड़े पैमाने पर प्रचार किया है। जहां ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और उनके सहयोगी वीके पांडियन ने बीजू जनता दल के उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया, वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने बालासोर और भद्रक में रैलियों को संबोधित किया।
ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए एग्जिट पोल शनिवार को शाम 6 बजे मतदान खत्म होने के बाद जारी किए जाएंगे। राज्य में दोनों चुनाव (लोकसभा और विधानसभा) के नतीजे 4 जून को जारी होने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications