ओडिशा: केंद्र के कदम के बाद मिशनरीज ऑफ चैरिटी की मदद को आगे आई पटनायक सरकार
भुवनेश्वर, 5 जनवरी: ओडिशा की मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली सरकार ने मिशनरीज ऑफ चैरिटी को आर्थिक मदद का ऐलान किया है। हाल ही में केंद्र सरकार ने कानूनों के तहत पात्रता शर्तों को पूरा नहीं करने की बात कहते हुए संस्था को मिलने वाले विदेशी चंदे पर रोक लगा दी थी। जिसके बाद ओडिशा ने मदर टेरेसा की शुरू की गई इन 13 संस्थाओं को वित्तीय सहायता का ऐलान किया है। सीएम रिलीफ फंड से मिशनरीज ऑफ चैरिटी को मदद की जाएगी।

ओडिशा के मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है कि राज्य सरकार मदर टेरेसा के शुरू किए गए कैथोलिक धार्मिक और परोपकारी संगठन मिशनरीज ऑफ चैरिटी को सीएम रिलीफ फंड से 78.76 लाख रुपए की मदद देगा। ओडिशा में चैरिटी की ओर से संचालित किए जाने वाले 13 संस्थानों को ये पैसा दिया जाएगा। जिससे कि इन संस्थाओं के सामने वित्तीय संकट खड़ा ना हो और इनको काम ना रोकना पड़े।
1950 में मदर टेरेसा ने मिशनरीज ऑफ चैरिटी की ओर से ओडिशा में कई कुष्टघरों और अनाथालयों को शुरु किया था,जो आज भी चल रहे हैं। इनको दुनियाभर से चंदा मिलता है। 25 दिसंबर को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पात्रता शर्तों को पूरा नहीं करने की बात कहते हुए एफसीआरए के तहत मदर टेरेसा के एनजीओ के रजिस्ट्रेशन का नवीनीकरण करने से इनकार कर दिया था। जिससे एनजीओ को मिलने वाला विदेशी चंदा रुक गया है।
केंद्र के इस कदम के बाद ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने जिला अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि राज्य में मिशनरीज ऑफ चैरिटी की ओर से चलाए जा रहे घरों और अनाथालयों को किसी भी कठिनाई का सामना ना करना पड़े। सीएम पटनायक ने कहा है कि किसी भी संस्था को भोजन की कमी या दवाओं को लेकर बिल्कुल परेशानी का सामना ना करना पड़े।












Click it and Unblock the Notifications