ओडिशा सरकार ने 1 फरवरी तक के लिए जारी की नई गाइडलाइन, स्कूल-कॉलेज भी बंद
नई दिल्ली, 5 जनवरी: कोरोना महामारी फिर से तेजी से पैर पसार रही है, जहां देश में रोजाना का आंकड़ा 58 हजार के पार पहुंच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए ओडिशा सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। जिसके तहत एक नई गाइडलाइन जारी की गई, जो 7 जनवरी से 1 फरवरी तक लागू रहेगी। इसके तहत 12वीं तक के स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। बोर्ड परीक्षा को देखते हुए सरकार ने 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए ऑनलाइन क्लास चलाने के निर्देश दिए हैं।

ओडिशा सरकार के मुताबिक राज्य में कोरोना के केस बढ़ रहे हैं, जिस वजह से पाबंदियां लागू की जा रही हैं। इसके तहत बाजार, दुकान, शॉपिंग मॉल भी सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक ही खुलेंगे। साथ ही किसी भी जगह पर भीड़ इकट्ठा करना नियम के खिलाफ माना जाएगा। अगर कोई राजनीतिक सभा या खेल से जुड़ी गतिविधियां होती हैं, तो उसमें भी सिर्फ 100 लोगों को इजाजत दी जाएगी। वहीं पार्क, पर्यटक स्थलों पर किसी तरह की पिकनिक को भी मंजूरी नहीं मिलेगी।
5 महीने का रिकॉर्ड टूटा
वहीं दूसरी ओर बुधवार को ओडिशा में 1216 नए मामले सामने आए। ये पिछले 5 महीनों में एक दिन की सार्वधिक संख्या है। इसके अलावा खुर्दा में दो लोगों की मौत हुई, जिस वजह से राज्य में मौत का आंकड़ा 8466 हो गया है। ओडिशा स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में संक्रमित पाए गए नए मरीजों में 187 बच्चे भी हैं। नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या 10.58 लाख हो गई है। जिनमें से 10.45 लाख लोग ठीक हो चुके हैं।
देश का क्या है हाल?
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोरोना के 58097 मामले सामने आए। इसके अलावा 534 लोगों की मौत हुई। चिंताजनक बात ये है कि नए मामलों के हिसाब से दैनिक रिकवरी कम रही, जहां 15389 मरीज ही ठीक हुए। इसके साथ ही पॉजिटिविटी रेट 4.18 प्रतिशत पहुंच गया है। मंत्रालय ने बताया कि देश में एक्टिव केस की संख्या 214004 है, जबकि अब तक 482551 मरीजों ने जान गंवाई है।












Click it and Unblock the Notifications