महिला सुरक्षा की दृष्टि से ओडिशा सरकार का बड़ा कदम, फिर से शुरू होगी पिंक ऑटो सर्विस
भुवनेश्वर, 16 अप्रैल: ओडिशा सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए रोजाना नए कदम उठा रही है। इसी क्रम में राज्य सरकार ने पुलिस को पिंक ऑटो सेवा को फिर से शुरु करने के लिए कहा है। वैसे 27 जून 2014 को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राजधानी में महिलाओं के लिए इस सार्वजनिक परिवहन प्रणाली की शुरुआत की थी, लेकिन ये सेवा पिछले तीन साल से बंद पड़ी है।

परिवहन सचिव मधु सूदन पाढ़ी ने पुलिस आयुक्त सौमेंद्र प्रियदर्शी को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने कहा कि कामकाजी महिलाएं, छात्राएं रात में भी सफर करती हैं। ऐसे में पिंक ऑटो सर्विस को क्यों रोका गया। इसकी समीक्षा के लिए कदम उठाए जा सकते है। सार्वजनिक मांग के मद्देनजर और महिला यात्रियों की सुरक्षित यात्रा के लिए कमिश्नरेट पुलिस की निगरानी में इस सेवा को फिर से शुरू किया जा सकता है।
पत्र में इस बात को भी साफ किया गया कि मुख्य सचिव सुरेश महापात्रा के निर्देश के बाद परिवहन विभाग इस मामले में कार्रवाई कर रहा है। साथ ही इस मामले में गड़बड़ी के लिए जल्द रिपोर्ट मांगी गई है। इस सेवा के शुरू हो जाने से महिलाएं दिन के अलावा रात को भी सुरक्षित यात्रा कर सकती हैं, क्योंकि पिंक ऑटो का पूरा ब्योरा होने के साथ ही ड्राइवरों के लिए एक विशेष पहचान पत्र जारी होता है। साथ ही उनको बेसिक जानकरियां भी दी जाती हैं।












Click it and Unblock the Notifications