Odisha election 2024: ओडिशा में लुंगी कैसे बन गया चुनावी मुद्दा, BJP-BJD में क्यों चल रहे हैं शब्द बाण?
Odisha election and Lungi Politics: ओडिशा चुनाव में इस बार एक लुंगी को लेकर राजनीति शुरू है। मंगलवार को जब बीजेडी के नेता सस्मित पात्रा और स्वयं प्रकाश महापात्रा लुंगी में भुवनेश्वर स्थित पार्टी मुख्यालय शंख भवन पहुंचे तो साफ हो गया कि लुंगी पर बीजेपी को बैकफुट पर डालने की तैयारी है।
वैसे लुंगी पूर्वी और दक्षिण भारतीय में पुरुषों का एक आरामदायक कपड़ा है। खासकर के उमस वाले वातावरण में इसे पहनना बहुत ही सुविधाजनक माना जाता है। लेकिन, ओडिशा में आमतौर पर लोग इसे घरों के अंदर ही पहनते हैं। घरों से बाहर सार्वजनिक तौर पर धोती, पजामा या पैंट जैसे दूसरे विकल्पों को ही ज्यादा तरजीह दी जाती है।

सीएम नवीन पटनायक के वीडियो के बाद लुंगी पर राजनीति
ओडिशा में चुनावों के दौरान लुंगी राजनीति के केंद्र में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के एक वीडियो मैसेज के बाद आई है। इसमें सीएम पटनायक एक जोड़ा शंख के साथ वोटरों से अपील करते नजर आ रहे थे। उन्होंने एक शंख लोकसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार और दूसरे में विधानसभा के प्रत्याशी के लिए इस्तेमाल किया था।
सीएम को लुंगी में देखकर बीजेपी नेता धर्मेंद्र प्रधान ने कसा तंज
ओडिशा में लोकसभा चुनावों के साथ ही विधानसभा चुनाव भी हो रहे हैं और शंख बीजू जनता दल का चुनाव चिन्ह है। इस वीडियो में नवीन पटनायक लुंगी पहने हुए थे। सीएम की इसी ड्रेस पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता धर्मेंद्र प्रधान के तंज कसने की वजह से यह चुनावी मुद्दा बन गया है।
प्रधान ने झारसुगुडा में एक चुनाव रैली में कहा, 'आप सबने हमारे नवीन बाबू को लुंगी और जोड़ा शंखों के साथ देखा होगा, एक बुजुर्ग व्यक्ति हैं। एक गुमस्ता जो इतनी चीजें करता है। कम से उन्हें नवीन बाबू जैसे बुजुर्ग व्यक्ति को पजामा और कुर्ता में तैयार करना चाहिए था। मैं नवीन बाबू जैसे बुजुर्ग व्यक्ति का सम्मान करता हूं। क्या उन्हें एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ ऐसा करना चाहिए?'
हालांकि, प्रधान ने किसी का नाम नहीं लिया। लेकिन, निश्चित रूप से उनका इशारा पूर्व आईएएस अधिकारी और मुख्यमंत्री के सहयोगी वीके पांडियन की ओर माना जा रहा है।
लुंगी बन गया चुनावी मुद्दा!
बीजेडी नेताओं का लुंगी पहनकर प्रेस कांफ्रेंस के लिए पार्टी मुख्यालय पहुंचना भाजपा नेता के उसी तंज का जवाब देने की कोशिश थी। इस दौरान सस्मित पात्रा ने कहा, 'राज्य में हैंडलूम सेक्टर की अपनी अर्थव्यवस्था है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने हैंडलूम सेक्टर और संबलपुरी लुंगी पर तंज कसा है। उन्होंने ओडिशा और संबलपुर की संस्कृति को ठेस पहुंचाया है।'
वहीं बीजेडी आईटी सेल के प्रमुख स्वयं प्रकाश ने एक्स के जरिए बताया कि नवीन पटनायक ने वीडियो में संबलपुरी लुंगी पहनी थी और उन्होंने 'धर्मेंद्र प्रधान की ओर से संस्कृति और परंपरा के अपमान' का विरोध किया और उनसे माफी मांगने को कहा। उन्होंने लिखा, 'बीजू जनता दल संबलपुरी लुंगी का ऐसा अपमान कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।'
संयोग से बीजेपी नेता प्रधान ओडिशा की संबलपुर लोकसभा सीट से ही चुनाव मैदान में हैं। पार्टी ने उन्हें बीजेडी के बॉबी दास के खिलाफ उतारा है, जो मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के बाद पार्टी के दूसरे महत्वपूर्ण नेता माने जाते हैं। लुंगी विवाद का कनेक्शन संबंलपुर से जुड़ने के बाद यहां का चुनावी समीकरण रोचक हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications