ओडिशा: बीजेपी लोकसभा चुनाव से पहले दे रही बूथ मैनेजमेंट पर जोर, चुनाव प्रबंधन समिति की हुई बैठक
Odisha News: 2024 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी एक्टिव मोड पर आ गई है। इसी कड़ी में ओडिशा में पार्टी की अहम बैठक हुई, जिसमें बूथ मैनेजमेंट पर जोर देने की रणनीति तैयार की गई। आम चुनाव से पहले ओडिशा भाजपा नेताओं ने शुक्रवार को भुवनेश्वर में पार्टी कार्यालय में चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में एक विशेष रणनीति पर विचार-विमर्श किया।
ओडिशा के भाजपा प्रभारी सुनील बंसल के साथ प्रदेश पार्टी अध्यक्ष मनमोहन सामल, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भुवनेश्वर की सांसद अपराजिता सारंगी और समिति के अन्य नेताओं ने आगामी चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति के बारे में चर्चा की।

पार्टी सूत्रों के अनुसार बैठक में बूथ प्रबंधन पर जोर देने वाली पार्टी द्वारा बनाई गई विशेष रणनीति को क्रियान्वित करने पर चर्चा हुई।
इसके अलावा चुनाव प्रचार के लिए केंद्रीय नेताओं के राज्य के विभिन्न हिस्सों के दौरे पर भी चर्चा हुई। बंसल, जो इस समय ओडिशा के दौरे पर हैं, उन्होंने चुनावी तैयारियों के बारे में भगवा पार्टी की विभिन्न शाखाओं और समितियों के साथ भी चर्चा की।
वहीं ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कहा कि "चुनाव प्रबंधन के लिए विभिन्न बैठकें आयोजित की गईं। पार्टी की विभिन्न शाखाओं और समितियों के साथ भी विशेष बैठकें की गईं। ओडिशा में एक विशेष टीम बनाई जाएगी जो बूथ स्तर से लेकर राज्य स्तर तक कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल करने का काम देखेगी।"












Click it and Unblock the Notifications