'वीर सावरकर नहीं, मनमोहन सिंह के नाम पर हो कॉलेज', PM मोदी के शिलान्यास से पहले ही नामकरण पर विवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार 3 जनवरी को दिल्ली में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करने वाले हैं। पीएम मोदी आज दिल्ली में वीर सावरकर के नाम पर भी एक कॉलेज की नींव रखेंगे। दिल्ली विश्वविद्यालय का सावरकर कॉलेज रोशनपुरा, नजफगढ़ में बनेगा। इस संस्थान को दिल्ली विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद द्वारा 2021 में अनुमोदित किया गया था।
कॉलेज का नामकरण वीर सावरकर के नाम पर किए जाने को लेकर विवाद होने लगा है। कांग्रेस ने सावरकर के नाम पर कॉलेज का विरोध किया है। कांग्रेस की छात्र शाखा भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (NSUI) ने कहा है कि कॉलेज का नाम पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नाम पर रखा जाना चाहिए ना कि वीर सावरकर के नाम पर।

NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने कहा है कि पीएम मोदी डीयू के वीर सावरकर कॉलेज की आधारशिला रखने की तैयारी कर रहे हैं। लेकिन इस परिसर का नाम डॉ. मनमोहन सिंह जी के सम्मान में रखा जाना चाहिए, जिनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता और भारत के लिए योगदान शानदार है। हमें वास्तविक उपलब्धियों का जश्न मनाने की जरूरत है ना कि , विभाजनकारी प्रचार का नहीं।''
NSUI ने PM नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने शिक्षा और शासन में मनमोहन सिंह के योगदान पर प्रकाश डाला और अनुरोध किया कि कॉलेज का नाम उनके नाम पर रखकर उनकी विरासत का सम्मान करे। मनमोहन सिंह का 27 दिसंबर को 92 वर्ष की आयु में दिल्ली के एम्स में निधन हो गया था।
पत्र में लिखा गया है,
"माननीय प्रधानमंत्री जी, आप दिल्ली विश्वविद्यालय के तहत वीर सावरकर के नाम पर एक कॉलेज का उद्घाटन करने वाले हैं। एनएसयूआई दृढ़ता से मांग करती है कि इस संस्थान का नाम पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी के नाम पर रखा जाए। उनके हाल ही में निधन से एक गहरा शोद देशभर में पैदा हो गया है और उनकी विरासत के लिए सबसे उपयुक्त श्रद्धांजलि यही होगी कि उनके नाम पर प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों को समर्पित किया जाए।"
एनएसयूआई ने पत्र में यह भी कहा है कि 'मनमोहन सिंह ने आईआईटी, आईआईएम, एम्स जैसे अनेक संस्थान स्थापित किए हैं। केंद्रीय विश्वविद्यालय अधिनियम भी उन्होंने ही पेश किया था। उनके नाम पर संस्थानों का नामकरण पीढ़ियों को प्रेरित करेगा। सरकार को भारत के लिए उनके अद्वितीय योगदान को मान्यता देने के लिए तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।'
PMO ने वीर सावरकर कॉलेज को लेकर अधिकारिक बयान में क्या कहा?
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने एक बयान में कहा कि पीएम मोदी रोशनपुरा, नजफगढ़ में वीर सावरकर कॉलेज की आधारशिला भी रखेंगे, जिसमें शिक्षा के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी, इसके अलावा पूर्वी दिल्ली में एक अकादमिक ब्लॉक और द्वारका में एक अकादमिक ब्लॉक भी होगा।
ये कॉलेज नजफगढ़ में 140 करोड़ रुपये की अस्थायी लागत पर बनाया जाएगा। इसकी मंजूरी साल 2021 में डीयू की कार्यकारी परिषद द्वारा दी गई थी। सूत्रों के मुताबिक विश्वविद्यालय ने पीएम नरेंद्र मोदी को निमंत्रण दिया है और प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से पुष्टि की प्रतीक्षा कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications