MP News: भोपाल में NSG कमांडोज के हैरतअंगेज करतब, सीएम डॉ. मोहन यादव हुए रोमांचित; 200 करोड़ के काउंटर टेररिज्म ग्रुप पर काम का ऐलान
नेशनल सिक्योरिटी गार्ड ने भोपाल में एक व्यापक क्षमता प्रदर्शन का मंचन किया, जिसमें लाइव आतंकवाद-विरोधी अभ्यास, स्पाइडर-मैन शैली के ऑपरेशन और के-9 इकाइयाँ शामिल थीं। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा को बढ़ाने के लिए तुम्दा के पास एक सीटीजी केंद्र के लिए 200 करोड़ रुपये की घोषणा की, जबकि सुरक्षा बलों के प्रशिक्षण और संसाधनों के लिए निरंतर समर्थन पर जोर दिया।
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर आयोजित राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) के समग्र क्षमता निर्माण प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में देशभक्ति, साहस और कौशल का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और कमांडोज के प्रदर्शन को देखकर बेहद प्रभावित नजर आए।

कार्यक्रम के दौरान NSG कमांडोज ने आतंकवाद-रोधी ऑपरेशनों का जीवंत प्रदर्शन किया। उन्होंने स्पाइडर मैन तकनीक का उपयोग करते हुए इमारतों को घेरने, विस्फोटक निष्क्रिय करने और बंधकों को सुरक्षित निकालने जैसी कई रोमांचक गतिविधियां प्रस्तुत कीं। K-9 डॉग स्क्वाड ने भी अपनी दक्षता का परिचय देते हुए आतंकियों को पकड़ने और विस्फोटकों का पता लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कमांडोज के साहस और कौशल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी योग्यता, बुद्धिमत्ता और निडरता का अद्भुत प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि NSG देश का मजबूत सुरक्षा कवच है, जो हर संकट में राष्ट्र की रक्षा करता है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि काउंटर टेररिज्म ग्रुप (CTG) के गठन के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये की डीपीआर पर राज्य सरकार काम करने के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि भोपाल के पास तुमड़ा क्षेत्र में इस सेंटर की स्थापना की जाएगी, जिससे आतंकवाद से निपटने की क्षमता और मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई है और भारतीय सेना दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि भारत शांति में विश्वास रखता है, लेकिन यदि कोई देश या संगठन भारत को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा, तो उसे कड़ा जवाब दिया जाएगा।
कार्यक्रम में कमांडोज द्वारा रिंग ऑफ फायर, टाइल ब्रेकिंग, ब्लॉक ब्रेकिंग और मिक्स मार्शल आर्ट जैसे कई साहसिक करतब भी दिखाए गए, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से जवानों का उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा बलों के प्रशिक्षण और संसाधनों को मजबूत करने के लिए हर संभव सहयोग देगी, ताकि देश की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सशक्त हो सके।












Click it and Unblock the Notifications