चीन की ओर से आयोजित ब्रिक्स की वर्चुअल बैठक में अजीत डोवाल ने लिया हिस्सा
नई दिल्ली, 16 जून। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल ने ब्रिक्स की बैठक में वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लिया। इस बार ब्रिक्स की बैठक की चीन ने मेजबानी की थी। चीन के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार येंग जीची ने ब्रिक्स बैठक की मेजबानी की। इसका मुख्य लक्ष्य इस बार ब्रिक्स के सभी पांच देशों के बीच राजनीतिक और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करना था। बता दें कि ब्रिक्स में भारत, ब्राजील, रूस, चीन और दक्षिण अफ्रीका सदस्य है। बैठक को लेकर जो आधिकारिक बयान जारी किया गया है उसमे कहा गया है, बहुपक्षवाद और वैश्विक शासन, राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नए खतरे और चुनौतियां और और नए डोमेन में शासन चर्चा का मुख्य एजेंडा था।

गौर करने वाली बात है कि भारत और चीन के एनएसए के बीच बैठक ऐसे समय पर हुई जब दोनों देशों के बीच हुए गलवान घाटी की हिंसा को दो साल पूरे हुए हैं। बुधवार को नई दिल्ली की ओर से बॉर्डर सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस की शांघाई को-ऑपरेशन ऑर्गेनाइजेशन की बैठक की मेजबानी की गई। इसमें भारत, चीन, रूस, पाकिस्तान और सेंट्रल एशिया के देश शामिल हैं। भारत और चीन के बीच पिछले कुछ सालों से सीमा विवाद चल रहा है और यह विवाद दोनों देशों की सेना के बीच कई दौर की बैठक के बाद भी सुलझ नहीं सका है।
बैठक के दौरान अजीत डोवाल ने आतंकवाद के खिलाफ बिना किसी अड़चन के सहयोग को बढ़ाने की बात कही। डोवाल ने ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका से समूह में सहयोग बढ़ाने की बात कही और इन सभी देशों का स्वागत किया। बता दें कि अगले हफ्ते 24 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिक्स के शिखर सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और दक्षिण अफ्रीका व ब्राजील के नेताओं से मुलाकात करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications