CAA पर हंगामे के बीच नीतीश ने NRC पर तोड़ी चुप्पी, दिया ये बड़ा बयान
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर मचे हंगामे के बीच बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने NRC को लेकर बड़ा बयान दिया है।
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। गुरुवार को गुजरात के अहमदाबाद और यूपी के लखनऊ में प्रदर्शनकारियों की भीड़ हिंसक हो गई और पुलिस वाहनों को आग लगा दी। इसके बाद शुक्रवार को भी यूपी के गोरखपुर, हापुड़, फिरोजाबाद और बहराइच में हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए। वहीं, दिल्ली में जामा मस्जिद के बाहर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जमा हो गए। दूसरी तरफ आरजेडी ने 21 दिसंबर को नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ बिहार बंद का ऐलान किया है। इस बीच बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने एनआरसी को लेकर बड़ा बयान दिया है।
Recommended Video

'बिहार में लागू नहीं होगा एनआरसी'
नागरिकता संशोधन कानून पर मचे बवाल के बीच नीतीश कुमार ने शुक्रवार को कहा, 'बिहार में नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजंस यानी एनआरसी लागू नहीं होगा।' आपको बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून पर नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने लोकसभा और राज्यसभा में मोदी सरकार का साथ दिया था। हालांकि नीतीश के इस कदम को लेकर पार्टी के भीतर ही विरोध शुरू हो गया। पार्टी उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर और पवन वर्मा ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून पर जेडीयू ने समर्थन कर गलत फैसला लिया है।

जेडीयू के रुख से प्रशांत किशोर नाराज
प्रशांत किशोर ने नागरिकता संशोधन बिल संसद के दोनों सदनों में पास होने के बाद ट्वीट करते हुए कहा था, 'संसद में बहुमत कायम रहा। अब न्यायपालिका से परे, भारत की आत्मा को बचाने की जिम्मेदारी 16 राज्यों के गैर भाजपा मुख्यमंत्रियों के ऊपर है, क्योंकि ये वो राज्य हैं, जिन्हें इस बिल को लागू करना है। पंजाब, केरल और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्रियों ने नागरिकता संशोधन बिल और एनआरसी को नकार दिया है। अब समय आ गया है कि दूसरे गैर-भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी अपना रुख स्पष्ट करें।'

'चुप मत रहिए, हिंसा मत कीजिए'
इससे पहले नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के बीच कन्हैया कुमार ने फेसबुक पेज पर पोस्ट लिखते हुए कहा, 'आज एक भारतीय नागरिक का पहला कर्तव्य भारतीय संविधान को भारत की सरकार से बचाना है। चुप मत रहिए, हिंसा मत कीजिए।' गुरुवार को लेफ्ट पार्टियों ने देशभर में भारत बंद का आह्वान किया था। पटना के राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन पर ऑल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन के कार्यकर्ताओं ने ट्रेन रोककर विरोध प्रदर्शन किया। दरभंगा में भी सीपीआई-एम के कार्यकर्ताओं ने रेलवे ट्रैक जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली में भी आज कई संगठन इस कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली में चार मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications