उत्तर भारत को इस बार 'लू' के थपेड़ों से मिल सकती राहत! जानें किन राज्यों में ऑरेंज अलर्ट और कहां आंधी तूफान?
उत्तर भारत को इस बार 'लू' के थपेड़ों से राहत मिल सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आंधी-तूफान की गतिविधियां बढ़ने के बीच 'लू' चलने की संभावना को कम बताया है।
आईएमडी की वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय ने कहा कि 26 अप्रैल को हमने तूफान की गतिविधियां देखीं, खासकर उत्तर-पश्चिम भारत में... काफी तेज हवाएं चल रही हैं। हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में, हमने ओलावृष्टि की गतिविधियां देखीं हैं। वैज्ञानिक ने बताया कि इन तूफानी गतिविधियों के कारण 'लू' चलने की संभावना कम है।

तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट
आगे कहा कि इन तूफानी गतिविधियों के कारण तापमान में गिरावट होगी और 4 डिग्री से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी हो सकती है और इसलिए, उत्तर भारत में हीटवेव की स्थिति होने की संभावना कम है।
इन राज्यों में ऑरेंज अलर्ट
आईएमडी अधिकारी ने कहा कि तेज धूल भरी हवाएं चल रही हैं और इसलिए, हमने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। परसों मैदानी इलाकों में आंधी तूफान की गतिविधियां फिर से बढ़ेंगी, जिससे पंजाब और हरियाणा में फिर से ऑरेंज अलर्ट जारी हो सकता है। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा।
बंगाल और उड़ीसा के गंगा तटीय पर रेड अलर्ट
रॉय ने आगे कहा कि कल, बहुत सारी आंधी-तूफान की गतिविधियां हुईं। यहां तक कि दिल्ली में भी 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। जम्मू-कश्मीर और पश्चिमी हिमालय में आंधी और भारी बारिश जारी रहने की संभावना है और इसीलिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, सोमा सेन रॉय ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू चलने के आसार हैं।
इन राज्यों में पांच दिनों तक गर्मी का प्रकोप
भारत में हीटवेव की स्थिति के बारे में बात करते हुए, रॉय ने कहा कि अगर आप हीटवेव की स्थितियों को देखें, तो आप देखेंगे कि पूर्वी भारत, गंगीय पश्चिम बंगाल और उड़ीसा को अधिक गंभीरता का सामना करना पड़ता है। गंभीरता का मतलब है कि तापमान 45°C से 47°C तक ऊपर पहुंच सकता है। यह स्थिति पिछले कई दिनों से पश्चिम बंगाल और उड़ीसा में देखी जा रही है।
ऐसे में हमारा मानना है कि पश्चिम बंगाल और उड़ीसा के गंगा तटीय भागों में कुछ दिनों के लिए रेड अलर्ट रहेगा। अगर हम बिहार, झारखंड जैसे पूर्वी राज्यों और आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायसीमा, कोंकण जैसे दक्षिणी क्षेत्रों की बात करें। इन इलाकों में अगले दो से पांच दिनों तक गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा।
48 घंटों के दौरान हिमाचल के 10 जिलों में आंधी तूफान
इस बीच, आईएमडी ने शुक्रवार को अगले 48 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश के 10 जिलों में आंधी, ओलावृष्टि और बारिश की भविष्यवाणी की। आईएमडी शिमला ने भविष्यवाणी की है कि अगले 48 घंटों के दौरान बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर, सोलन, ऊना में अलग-अलग स्थानों पर बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवा (30-40 किमी प्रति घंटे) के साथ गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications