north east monsoon: तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में उत्तर पूर्व मानसून ने दी दस्तक, जानें दिल्ली-NCR का हाल
north east monsoon बहुप्रतीक्षित उत्तर पूर्व मानसून शनिवार को तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में प्रवेश कर गया। तमिलनाडु को अपनी वार्षिक वर्षा का बड़ा हिस्सा पूर्वोत्तर मानसून के दौरान प्राप्त होता है। जो अक्टूबर और दिसंबर के बीच होती है। भारतीय मौसम विभाग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, तमिलनाडु, पुदुचेरी, केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में विभिन्न स्तरों की बारिश होने का अनुमान जताया है।

आज तमिलनाडु पहुंचा मानसून
आईएमडी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि, पूर्वोत्तर मानसून की बारिश तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल और दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के आसपास के क्षेत्रों में आज 29 अक्टूबर 2022 से शुरू हो रही है। बंगाल की खाड़ी और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत पर निचले क्षोभमंडल के स्तर में उत्तरपूर्वी हवाओं के स्थापित होने के प्रभाव में, उक्त क्षेत्रों में पूर्वोत्तर मानसून की बारिश शुरू हो गई है।

इन जगहों पर भारी बारिश का अनुमान
मौसम कार्यालय ने 2 नवंबर तक तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में छिटपुट/काफी व्यापक हल्की/मध्यम वर्षा के साथ छिटपुट भारी बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई है। पूर्वोत्तर मानसून के दौरान तमिलनाडु को अपनी 914 मिमी की वार्षिक वर्षा का लगभग 48 प्रतिशत प्राप्त होता है।

कई जगहों पर ऑरेंज अलर्ट
पूर्वोत्तर मानसून के कारण 1 और 2 नवम्बर को राज्य के उत्तरी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है और पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जिन जिलों को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है उनमें चंगलपेट, वेलूर, कांचीपुरम, तिरुवण्णामलै और विल्लुपुरम शामिल है। चेन्नई क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने 1 और 2 नवम्बर को नेल्लूर से कड्लूर तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।

जानिए दिल्ली एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम
सोमवार और मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्तिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में वर्षा होने का अनुमान है। देश के बाकी हिस्सों में अगले पांच दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में आसमान साफ रहेगा। चेन्नई में हल्की वर्षा हो सकती है। जम्मू, श्रीनगर, लेह और मुजफ्फराबाद में आसमान साफ रहेगा। गिलगित में बादल छाए रह सकते हैं। हैदराबाद में धुंध छायी रहेगी। बंगलुरू में सुबह में कोहरा छाया रहने का अनुमान है। तिरुअनंतपुरम में गरज के साथ वर्षा हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications