दिल्ली में फिलहाल नहीं खुलेंगी गैर-जरूरी सामान की दुकानें, केजरीवाल सरकार 27 अप्रैल को लेगी फैसला
नई दिल्ली: गृह मंत्रालय ने शुक्रवार देर रात एक आदेश जारी करते हुए देश में सभी दुकानों को सशर्त खोलने की अनुमति दी थी। जिसके बाद शनिवार सुबह से देश के ज्यादातर राज्यों में दुकानें खुलनी शुरू हो गईं, हालांकि दिल्ली सरकार ने इस आदेश को अभी लागू नहीं किया है। इस मामले में 27 अप्रैल को एक उच्चस्तरीय बैठक की जाएगी। हालात की समीक्षा के बाद ही दिल्ली सरकार दुकानों को खोलने पर फैसला लेगी। दिल्ली में अभी तक 2500 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं, जिस वजह से सरकार मामले में कोई लापरवाही नहीं बरतना चाह रही है।

Recommended Video
मामले में दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में अभी सभी दुकानों को खोलने की अनुमति नहीं दी जा सकती है। इस मामले में दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के वरिष्ठ अधिकारी बैठक करेंगे और उसके बाद इस निर्देश को लागू करने का फैसला लिया जाएगा। फिलहाल हालात पर काबू करना दिल्ली सरकार की पहली प्राथमिकता है। केंद्र सरकार की ओर पहले भी लॉकडाउन के नियमों में ढील देने के निर्देश दिए गए थे। जिस पर दिल्ली के मुख्य सचिव ने 19 अप्रैल को बैठक कर लॉकडाउन 2.0 में ढील नहीं देने का फैसला लिया था।
ये था गृह मंत्रालय का फैसला
शुक्रवार देर रात केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने दुकानों को खोलने को लेकर एक आदेश जारी किया। इस आदेश के मुताबिक सभी दुकानों का सशर्त खोलने की इजाजत दी गई। दुकानों में केवल 50 फीसदी स्टाफ ही काम कर सकेगा। इसके साथ ही मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य होगा। वहीं अभी शॉपिग कॉम्प्लेक्स और मॉल आदि को खोलने की मंजूरी नहीं मिली है। सरकार की ओर से शराब की दुकानों को भी खोलने पर रोक बरकरार है। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि आज से देश में व्यावसायिक गतिविधियां कुछ रफ्तार पकड़ेंगी।












Click it and Unblock the Notifications