जेडीयू की दोस्ती वाली बात पर लालू का इंकार तो नीतीश को लेकर पार्टी में दो फाड़
नीतीश के नाम पर पार्टी में दो फाड़ हो गयी है। जद (यू) के अध्यक्ष शरद यादव रविवार सुबह दिल्ली से पटना पहुंचे। उन्होंने पटना में पत्रकारों से कहा कि नीतीश के इस्तीफे का फैसला पार्टी का फैसला है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से जनादेश मिला है, उसके लिहाज से आज देश के सामने संविधान की रक्षा का प्रश्न है। उन्होंने कहा कि शाम चार बजे विधायक दल की बैठक होगी, उसके बाद जो होगा मीडिया को बता दिया जायेगा।
जबकि विधायकों का एक दल नीतीश कुमार को मनाने में जुटा हुआ है।वरिष्ठ नेता नरेन्द्र सिंह का कहना है कि भले ही नीतीश कुमार नाराज है लेकिन उन्हें मना लिया जायेगा। बिहार की जनता ने नीतीश कुमार पर अपना भरोसा जताया था ऐसे में नीतीश के अलावा कोई और विकल्प सोचा नहीं जा सकता है।
जहां जेडीयू में हाहाकार मचा है वहीं दूसरी ओर बीजेपी भी अहम बैठक कर रही है जो कि पटना में भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी के आवास पर हो रही है, हो सकता है कि बीजेपी भी सोमवार को विधानसभा में सरकार बनाने का दावा पेश कर दे। मालूम हो कि बिहार विधानसभा में जद (यू) के 117 सदस्य हैं, जबकि भाजपा के 90, राजद के 24, कांग्रेस के चार और अन्य सात सदस्य हैं।













Click it and Unblock the Notifications