LPG Crisis Update: देश में नहीं है गैस की कमी? मीडिल ईस्ट संकट के बीच LPG सप्लाई को लेकर केंद्र का बड़ा दावा
LPG Crisis Update: मिडिल ईस्ट में जारी संकट के बीच पूरी दुनिया में एनर्जी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। देश में LPG सप्लाई को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा बयान जारी किया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी सुजाता शर्मा ने साफ कहा है कि देश में कहीं भी LPG की कमी (ड्राई-आउट) की स्थिति नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
सुझाता शर्मा ने कहा कि अब तक किसी भी LPG डिस्ट्रीब्यूटर पर गैस खत्म होने की रिपोर्ट नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि सरकार लगातार सप्लाई पर नजर बनाए हुए है और उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

देश में कहीं नहीं हैं गैस की कमी, डिजिटल सिस्टम से हो रही अधिकांश बुकिंग
उन्होंने जानकारी दी कि LPG सिस्टम अब काफी हद तक डिजिटल हो चुका है। करीब 92% गैस बुकिंग ऑनलाइन हो रही है और लगभग 81% डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (OTP) के जरिए की जा रही है। इससे पारदर्शिता बढ़ी है और फर्जीवाड़े पर भी लगाम लगी है।
केंद्र सरकार ने कहा है कि देश में करीब 70% तक गैस सप्लाई सुनिश्चित कर दी गई है और आगे भी स्थिति को सामान्य बनाए रखने के लिए लगातार काम हो रहा है। इसके साथ ही, सरकार ने वैकल्पिक ईंधन के तौर पर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अतिरिक्त केरोसिन भी आवंटित किया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को परेशानी न हो।
अफवाहों पर सख्त कार्रवाई के आदेश
सरकार ने यह भी माना कि बाजार में कुछ लोग जानबूझकर अफवाह फैलाकर पैनिक क्रिएट करने की कोशिश कर रहे हैं। इस पर सख्ती दिखाते हुए राज्य सरकारों से ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने को कहा गया है। एक ही दिन में करीब 2800 छापेमारी की गई और इस दौरान 500 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। यह कार्रवाई कालाबाजारी और जमाखोरी पर लगाम लगाने के लिए की गई है।
आम जनता से क्या है सरकार की अपील?
सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर गैस का अतिरिक्त स्टॉक न करें। सरकार का कहना है कि देश में LPG की कोई कमी नहीं है और सप्लाई सामान्य है। हालांकि अफवाहों और कालाबाजारी पर नजर रखने के लिए प्रशासन सख्त कदम उठा रहा है। ऐसे में उपभोक्ताओं को सतर्क रहने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की सलाह दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications