दिल्ली में इस साल महंगी नहीं होगी बिजली, केजरीवाल ने कहा- ये ईमानदार सरकार के कारण
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में इस साल बिजली की दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी। दिल्ली विद्युत विनियामक आयोग (डीईआरसी) ने इसका ऐलान करते हुए कहा है कि इस वर्ष बिजली की दरों में स्थायी शुल्क में भी कोई बढ़ोतरी नहीं की जा रही है। साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए ई-वाहन चार्जिंग स्टेशनों को सस्ती दर पर बिजली मिलती रहेगी। मशरूम की खेती के लिए भी रियायत की बात कही गई है। इसको लेकर आम आदमी पार्टी और सीएम केजरीवाल ने कहा है कि ये उनकी सरकार की बड़ी सफलता है।

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, दिल्ली की जनता को बधाई। एक तरफ जहां पूरे देश में साल दर साल बिजली की दरें बढ़ रहीं हैं, हमने दिल्ली में लगातार छठवें साल बिजली के दर नहीं बढ़ने दिए और कुछ क्षेत्रों में दर कम भी की हैं। ये एतिहासिक है। ये इसलिए हो रहा है क्योंकि आपने दिल्ली में एक ईमानदार सरकार बनाई।
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भी इसको लेकर दूसरी पार्टियों की सरकारों को घेरा है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- योगी सरकार उत्तर प्रदेश में 7.50 रु यूनिट बिजली देती है जबकि दिल्ली मसरकार 200 यूनिट बिजली फ़्री 400 यूनिट बिजली आधे दाम पर देती है। साथ ही 6 साल से एक पैसा भी बिजली का दाम नही बढ़ने दिया ये है आम आदमी की सरकार।
डीईआरसी ने वर्ष 2020-21 के लिए बिजली की नई दरें घोषित कर दी हैं। बिजली आयोग ने निजी बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) की बिजली की दरें बढ़ाने की मांग को खारिज करते हुए उपभोक्ताओं के हक में फैसला किया है। आयोग का कहना है कि कोरोना संकट में लोगों की परेशानी को ध्यान में रखकर बिजली की दरों में किसी तरह की बढ़ोतरी नहीं करने का निर्णय लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications