अविश्वास प्रस्ताव पर बीजेपी को साढ़े तीन घंटे, कांग्रेस को 38 मिनट, जानें अन्य पार्टियों को मिला कितना समय
नई दिल्ली। शुक्रवार को लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए सभी पार्टियों का समय निर्धारित कर दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी को इस पर बोलने के लिए सबसे ज्यादा तीन घंटे 33 मिनट का समय दिया गया है। कांग्रेस को 38 मिनट का समय मिला है। अन्नाद्रमुक को 29 मिनट, तृणमूल कांग्रेस को 27 मिनट, बीजू जनता दल को 15 मिनट, शिवसेना को 14 मिनट, तेलुगुदेशम पार्टी को 13 मिनट, तेलंगाना राष्ट्र समिति को 9 मिनट, सीपीआई (एम) को सात, समाजवादी पार्टी को 6, एनसीपी को 6 और लोकजन शक्ति पार्टी को पांच मिनट का समय दिया गया है।

बुधवार से शुरू हुए संसद के मॉनसून सत्र के पहले ही दिन विपक्ष ने सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया, जिसे लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने मंजूर कर लिया। शुक्रवार को लोकसभा में इस पर बहस होगी। इसके लिए कांग्रेस, बीजू जनता दल, भाजपा, अन्नाद्रुमक, शिवसेना, तृणमूल कांग्रेस समेत ज्यादातर पार्टियों ने अपने सांसदों को व्हिप जारी कर सदन में हाजिर रहने को कहा है।
2003 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के खिलाफ आए अविश्वास प्रस्ताव के 15 साल बाद यह पहला मौका है जब केंद्र सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को मंजूर किया गया है। सरकार की ओर से कहा जा रहा है कि वो आराम से बहुमत साबित कर देंगे और इसको लेकर कोई परेशानी नहीं होगी। वहीं विपक्ष का कहना है कि उनके पास संख्या बल है और वो सदन में अपनी ताकत दिखाएगा।












Click it and Unblock the Notifications