जो पार्टी लाई अविश्वास प्रस्ताव उसी के सांसद ने किया वोट ना देने का ऐलान
नई दिल्ली। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने वाली तेलुगुदेशम पार्टी को बड़ा झटका लगा है। शुक्रवार को अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग से पहले ही पार्टी के अंदर बगावती सुर सामने आए हैं। पार्टी के ही एक सांसद ने कहा कि वो अविश्वास प्रस्ताव के दौरान संसद में मौजूद नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा कि वो शुक्रवार को संसद कार्यवाही में हिस्सा नहीं लेंगे। दूसरी ओर अविश्वास प्रस्ताव को लेकर तेलुगुदेशम पार्टी की ओर से व्हिप जारी किया गया है। इसमें सभी सांसदों को शुक्रवार को सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।

टीडीपी सांसद दिवाकर रेड्डी का बड़ा ऐलान
टीडीपी की ओर से व्हिप जारी होने के बाद भी पार्टी के सांसद जे.सी. दिवाकर रेड्डी ने कहा कि वो शुक्रवार को सदन की कार्यवाही से दूर रहेंगे। उन्होंने कहा कि वो केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी ही पार्टी की ओर से लाए गए अविश्वास प्रस्ताव से दूरी बनाकर रखेंगे। उन्होंने कहा कि केवल अविश्वास प्रस्ताव के दौरान ही नहीं बल्कि पूरे मॉनसून सत्र के दौरान वो सदन से दूरी बनाकर रखेंगे।

रेड्डी बोले- अविश्वास प्रस्ताव के दौरान वो संसद में मौजूद नहीं रहेंगे
टीडीपी की ओर से व्हिप जारी किए जाने के सवाल पर टीडीपी सांसद जे.सी. दिवाकर रेड्डी ने कहा कि भले ही व्हिप जारी किया गया हो लेकिन ये कोई बड़ा मामला नहीं है। ये केवल रूटीन है। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी तरह से गिरने नहीं जा रही है। टीडीपी सांसद ने आगे कहा कि मैं न अंग्रेजी बोल सकता हूं और न ही हिंदी। इसलिए मेरी उपस्थिति या अनुपस्थिति महत्व नहीं रखती है।

आंध्र प्रदेश के अनंतपुरामु से सांसद हैं दिवाकर रेड्डी
जे.सी. दिवाकर रेड्डी आंध्र प्रदेश के अनंतपुरामु से तेलुगुदेशम पार्टी के सांसद हैं। वो हमेशा अपनी बात स्पष्ट तौर पर रखते रहे हैं। रेड्डी ने इससे पहले ऐलान किया था कि वो चुनावी राजनीति से रिटायर हो जाएंगे। इस बीच जानकारी मिल रही है कि टीडीपी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू जे.सी. दिवाकर रेड्डी से बात कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications