बीजेपी के साथ जाने के सवाल पर बोले नीतीश, इसके बाद क्या होगा देखते रहिए
इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के हित में जरुरी फैसला लिया जाएगा। इसी बीच इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर बधाई दी है।
नई दिल्ली। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसके बाद से राजनीतिक गलियारों अटकलों का बाजार गर्म है कि अब आगे वह क्या करेंगे? क्या वह बीजेपी के साथ जाएंगे या फिर बिहार को मध्यावधि चुनाव देखना होगा? नीतीश कुमार से जब ये पूछा गया कि क्या वो बीजेपी के साथ मिलकर सरकार बनाएंगे तो उन्होंने सीधे तौर पर इंकार नहीं किया लेकिन पत्रकारों को बिना कुछ कहे बड़ा संकेत दे गए।

बिहार के हित में फैसला लेंगे
इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के हित में जरूरी फैसला लिया जाएगा। इसी बीच इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर बधाई दी है। और कहा है कि करप्शन के खिलाफ मिलकर लड़ना समय की जरुरत है। पीएम के ट्वीट के बाद अटकले तेज हो गई है कि बिहार में नीतीश कुमार बीजेपी के साथ मिलकर सरकार बना सकते हैं। बिहार बीजेपी के नेता सुशील मोदी ने कहा है कि बिहार में मध्यावधि चुनाव की स्थिति नहीं बनने दी जाएगी।

नोटबंदी के समय से ही बढ़ी थी नजदीकियां
बिहार के निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बीजेपी और प्रधानमंत्री मोदी से नजदीकियों की खबरें नोटबंदी के बाद से सुनाई दे रही थीं लेकिन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के मसले पर जिस तरह उन्होंने अपने सहयोगी दलों से इतर उनका समर्थन किया, उसने इस बात पर मुहर जैसी लगा दी।

नीतीश को मिली थी पहली कतार में जगह
नीतीश कुमार अकेले ऐसे मुख्यमंत्री थे जिन्हें राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में पहली पंक्ति में जगह दी गई थी। वे लालकृष्ण आडवाणी, अमित शाह, मनमोहन सिंह, एचडी देवेगौड़ा के साथ पहली पंक्ति में बैठे थे। इस बात से समझा जा सकता है कि नीतीश कुमार को नरेंद्र मोदी और उनकी टीम कितनी अहमियत दे रही थी। भाजपा शासित राज्यों के कई कद्दावर मुख्यमंत्रियों शिवराज सिंह चौहान और मनोहरलाल खट्टर को भी काफी पीछे जगह मिली थी। तो क्या ये महज संयोग था कि इस्तीफा देने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले नीतीश कुमार को बधाई दी। दरअसल ये नीतीश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बढ़ती गलबहियों का संकेत है।












Click it and Unblock the Notifications