राहुल गांधी को पीएम उम्मीदवार बनाने पर बोले नीतीश कुमार, कहा- हमें कोई समस्या नहीं
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राहुल गांधी को पीएम उम्मीदवार बनाने के लिए कांग्रेस द्वारा जोर देने से उन्हें कोई समस्या नहीं है।

Nitish Kumar on Rahul Gandhi PM candidate: कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों पूरे देश में अपनी 'भारत जोड़ो यात्रा' को लेकर छाए हुए हैं। उनकी पदयात्रा में लोगों का जनसैलाब उमड़ रहा है। इस बीच कांग्रेस के दिग्गज नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के हालिया बयान ने नई चर्चा को जन्म दे दिया है। कमलनाथ ने कहा कि राहुल गांधी 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। जिस पर अब बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, पटना में मीडिया के सवाल पूछे जाने पर नीतीश कुमार ने कहा कि राहुल गांधी को पीएम उम्मीदवार बनाने के लिए कांग्रेस द्वारा जोर देने से उन्हें कोई समस्या नहीं है। इसी के साथ उन्होंने इस बात को भी दोहराया कि वह पीएम पद के कदावेदार नहीं है। नीतीश कुमार ने शनिवार को कहा कि मैं प्रधानमंत्री पद की रेस में नहीं हूं।
मीडिया ने नीतीश कुमार से सवाल करते हुए पूछा कि क्या राहुल गांधी विपक्ष का पीएम उम्मीदवार का चेहरा हो सकते हैं। जिस पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि इससे हमें इससे कोई दिक्कत नहीं है। इसमें क्या बुराई है। सब एक साथ मंच पर आएं, साथ मिलकर सब तय होगा। हम लोग तो वेट कर रहे हैं। मेरे बारे में भी लोग कहते हैं, लेकिन हमारी इच्छा प्रधानमंत्री बनने की नहीं है। मैं इस रेस में हूं ही नहीं।
केंद्र सरकार पर साधा निशाना
एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि इन दिनों केंद्र की सरकार केवल विज्ञापन कर रही है। दिल्ली की एकतरफा बेमतलब की बातें ही प्रकाशित हो जाती हैं। विज्ञापन के अलावा कुछ नहीं हुआ है। मैं 5 जनवरी से विभिन्न स्थानों का दौरा करूंगा और देखूंगा कि कितना काम हुआ है और कितना बाकी है। हम लोगों की शिकायतों को सुनेंगे और समझेंगे, न कि जगहों पर जाने और केवल भाषण देने के विपरीत कि 'हमने यह किया और वह किया'।
कमलनाथ ने दिया था पीएम चेहरे को लेकर बयान
बता दें कि हाल ही में कांग्रेस नेता कमलनाथ ने कहा था कि जहां तक 2024 के लोकसभा चुनाव का सवाल है, राहुल गांधी न सिर्फ विपक्ष का चेहरा होंगे, बल्कि उसके प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार भी होंगे।












Click it and Unblock the Notifications