नीतीश कुमार ने 2024 में दिया जीत का मंत्र, बोले- थर्ड फ्रंट नहीं, मेन फ्रंट होगा
नीतीश कुमार ने कहा कि 2024 में थर्ड फ्रंट नहीं बल्कि मेन फ्रंट होगा। भारतीय जनता पार्टी को हराया जा सकता है। लेकिन इसके लिए सभी दलों को साथ आना होगा.

आगामी लोकसभा चुनाव में अब तकरीबन एक साल से कुछ अधिक का समय बचा है। ऐसे में 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए विपक्षी दल अभी से अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। लगातार तीसरे मोर्चे को लेकर चर्चा होती है और इस चर्चा में सबसे बड़ा सवाल यह होता है कि तीसरे मोर्चे का नेता कौन होगा। लेकिन इस बीच नीतीश कुमार ने दावा किया है कि अब थर्ड फ्रंट नहीं बल्कि मेन फ्रंट बनेगा, ये थर्ड फ्रंट कहां है। नीतीश ने कहा कि 2024 में थर्ड फ्रंट नहीं होगा, बल्कि मेन फ्रंट होगा।

2024 में हो सकती है विपक्ष की जीत
नीतीश कुमार ने कहा कि भाजपा का जो पार्टियां विरोध करती हैं वह 2024 के लोकसभा चुनाव में भारी मतों से जीत सकती हैं अगर वह सभी एक साथ हाथ मिलाने को तैयार हों। मैं इसे हकीकत बनाने की कोशिश कर रहा हूं, लिहाजा यह इन दलों पर है कि वह साथ आएं। गौर करने वाली बात है कि नीतीश कुमार ने हाल ही में तमाम दलों के नेताओं से मुलाकात की थी, उन्होंने भाजपा विरोधी दलों को एक साथ लाने की मुहिम के तहत उनसे मुलाकात की थी। कुछ नेताओं का कहना है कि नीतीश कुमार खुद को राष्ट्रीय भूमिका में देखना चाहते हैं, लेकिन नीतीश कुमार ने साफ किया है कि मेरी प्रधानमंत्री बनने की कोई इच्छा नहीं है।

गठबंधन में भी थे हमारे खिलाफ
नीतीश कुमार ने आरोप लगाया है कि भाजपा जदयू के खिलाफ 2020 से काम कर रही है, उस वक्त भाजपा हमारे साथ गठबंधन में थी बावजूद इसके वह हमारे खिलाफ काम कर रही थी। नीतीश ने कहा उन्हें याद दिलाना चाहिए कि इससे पहले कभी भी हमारी पार्टी ने इतनी कम सीटें नहीं जीती थी, हमारी सीटें इसलिए 2020 में कम हुई क्योंकि उन्होंने पूरी कोशिश की हमारे उम्मीदवार हारें। इसके साथ ही नीतीश कुमार ने मीडिया पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें कुछ चीजों की रिपोर्ट करने की अनुमति नहीं है। जब ये लोग सत्ता से बाहर जाएंगे, तब मीडिया वो सब दिखाएगी।

पीएम पर साधा निशाना
बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार को केंद्र से भाजपा शासन में कुछ नहीं मिल रहा था, बिहार को विशेष राज्य का दर्जा स्वीकार नहीं किया गया। पीएम मोदी का नाम लिए बिना नीतीश ने कहा कि वह ऐसे राज्य से आते हैं जो ब्रिटिश काल से ही समृद्ध था। देश कभी भी आगे नहीं बढ़ सकता, अगर गरीबों को समृद्ध नहीं किया जाता।












Click it and Unblock the Notifications