NDA में कभी भी वापसी कर सकते हैं नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री का बड़ा दावा
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के केंद्र में सत्ताधारी एनडीए में फिर से वापसी को लेकर बहुत बड़ा दावा किया है। नीतीश के जेडीयू ने पिछले साल अगस्त में बीजेपी से नाता तोड़कर लालू यादव की आरजेडी और सोनिया गांधी की कांग्रेस के साथ हाथ मिला लिया था।
न्यूज एजेंसी पीटीआई से अठावले ने मुंबई में कहा है कि नीतीश कुमार पहले एनडीए का हिस्सा थे और पिछली बार बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने ज्यादा सीटें जीतने के बावजूद उनको मुख्यमंत्री बनाया था। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने विपक्षी इंडिया गठबंधन पर भी जोरदार निशाना साधा है।

'नीतीश कुमार कभी भी हमारे साथ वापस आ सकते हैं'
केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्यमंत्री रामदास अठावले ने कहा है, 'नीतीश कुमार कभी भी हमारे साथ वापस आ सकते हैं।' अठावले की रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) केंद्र में सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का हिस्सा है।
पीएम मोदी को सत्ता से हटाना विपक्षी गठबंधन का एकमात्र एजेंडा-अठावले
अठावले ने कहा है कि नीतीश कुमार को विपक्षी गठबंधन का नाम इंडिया रखने पर आपत्ति थी और उनके बीच इसके संयोजक और प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर भी मतभेद है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन का एकमात्र एजेंडा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाना है।
अगस्त 2022 में नीतीश ने छोड़ा था बीजेपी का साथ
नीतीश कुमार के जेडीयू ने अगस्त 2022 में बीजेपी से नाता तोड़कर खुद को एनडीए से बाहर कर लिया था। फिर उसने लालू यादव के राष्ट्रीय जनता दल से गठबंधन कर लिया और राज्य में नई सरकार का गठन किया। वे विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन के एक प्रमुख चेहरे हैं और वह इसकी पहल करने वाले अगुवा नेताओं में भी शामिल हैं।
'वह पहले एनडीए में थे और कभी भी हमारे पास वापस लौट सकते हैं'
अठावले ने कहा, 'कल मैं पटना में था और वहां मुझसे नीतीश कुमार की कथित अप्रसन्नता के बारे में पूछा गया था जो विपक्षी गठबंधन की बेंगलुरु बैठक से जल्दी चले गए थे।' वे बोले, 'मैंने कहा कि अगर वह (नीतीश कुमार) खुश नहीं हैं, तो उन्हें मुंबई नहीं जाना चाहिए। वह पहले एनडीए में थे और कभी भी हमारे पास वापस लौट सकते हैं।' इंडिया गठबंधन की अगली बैठक अगस्त में मुंबई में ही होने वाली है।
'इंट्रोडक्शन निगेटिव डेट आइडिया अलायंस'
अठावले ने विपक्षी गठबंधन को I.N.D.I.A कहे जाने पर भी तंज कसा और कहा कि इसका मतलब, 'इंट्रोडक्शन निगेटिव डेट आइडिया अलायंस' है। उन्होंने कहा कि 'इसका एजेंडा मोदी हटाओ है, जबकि हमारा एजेंडा देश का विकास करना है।' गौरतलब है कि 26 दलों का विपक्षी I.N.D.I.A इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस का संक्षिप्त रूप है।
मोदी सरकार के मंत्री ने यह भी दावा किया कि शिवसेना (यूबीटी) के उद्धव ठाकरे और एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के लिए किसी काम के नहीं हैं, जबकि महाराष्ट्र में उनका कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा, 'इसी तरह ममता बनर्जी और कम्युनिस्ट लंबे समय से आपस में भिड़ते रहे हैं।' इस गठबंधन के लोग अगले महीने के तीसरे हफ्ते के बाद मुंबई में जुटने वाले हैं, जो कि इनकी तीसरी बैठक होगी। पहली बैठक पटना और दूसरी बेंगलुरु में हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications