चुनाव आयोग से बोले नीति आयोग के सदस्य- तुरंत रोकी जाएं चुनावी रैलियां और रोड शो
नई दिल्ली, 6 जनवरी: देश में कोरोना वायरस के केस फिर से एक लाख के करीब पहुंच गए हैं। जिस वजह से अब लॉकडाउन लगाने की मांग हो रही। अगले दो महीनों के अंदर यूपी, उत्तराखंड समेत 5 राज्यों में विधानसभा के चुनाव होने हैं, जिसके लिए सभी राजनीतिक पार्टियां बढ़-चढ़कर रैलियां कर रही हैं। अब इसको लेकर नीति आयोग के सदस्य और भारत के कोविड टास्क फोर्स के प्रमुख वीके पॉल ने चेतावनी दी है। साथ ही बड़ी रैलियों और रोड शो को रोकने को कहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक डॉ. पॉल ने आयोग को बताया है कि देश अभी उस स्थिति में नहीं है कि बड़ी रैलियां और रोड शो किए जाएं। ऐसे में इस तरह के आयोजन नहीं होने चाहिए। हालांकि आयोग का विचार है कि राजनीतिक दलों को बड़ी रैलियों और रोड शो को अपने दम पर रोकना चाहिए। इससे साफ होता है कि चुनाव आयोग द्वारा इस दिशा में कोई कदम उठाने की संभावना नहीं है। इससे पहले चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, पंजाब और मणिपुर के विधानसभा चुनावों की तैयारी के लिए एक बैठक की थी। उस दौरान स्वास्थ्य मंत्रालय को निर्देश दिया गया था कि वो चुनावी राज्यों में टीकाकरण की गति को तेज करें।
एक्टिव केस 3 लाख के करीब
गुरुवार सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 90,928 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 325 लोगों की मौत इस वायरस से हुई। वहीं चिंताजनक बात ये है कि देश में नए केसों की तुलना में रिकवरी का आंकड़ा बहुत कम है, जहां 19206 मरीज ही ठीक हुए। ऐसे में देश में एक्टिव केस की संख्या 2,85,401 है। मंत्रालय के मुताबिक देश में कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 148.67 करोड़ है। वैसे तेजी से बढ़ते आंकड़ों को देखते हुए कई विशेषज्ञों ने चुनाव के वक्त कोरोना की तीसरी लहर की आशंका जताई है।












Click it and Unblock the Notifications