Nipah Virus: कोरोना से 20 गुना से भी ज्यादा जानलेवा है निपाह, ICMR चीफ ने दिए डरावने आंकड़े
Nipah Virus in Kerala: एक बार फिर से संभल जाने का वक्त आया है। सरकार ने निपाह वायरस के मृत्यु दर को लेकर जो आंकड़े दिए हैं, वह बहुत ही भयावह हैं और मौत के मामले में यह वायरस कोविड से 20 गुना से भी कहीं अधिक जानलेवा है।
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के डायरेक्टर जनरल डॉ राजीव बहल ने शुक्रवार को बताया है कि निपाह वायरस संक्रमण के मामलों में मृत्यु दर बहुत ही ज्यादा है।

निपाह वायरस से मृत्यु दर 40-70% के बीच-ICMR चीफ
उन्होंने मीडिया को बताया है, 'निपाह वायरस से संक्रमितों में मृत्यु दर बहुत ही ज्यादा 40 से 70% के बीच है, जबकि कोविड में कुल संक्रमण में यह करीब 2 से 3% के बीच ही था।' मतलब, मृत्यु दर के माले में निपाह वायरस कोरोना वायरस की तुलना में 20 गुना से भी ज्यादा जानलेवा है।
इसे अगर और स्पष्ट किया जाए तो कोरोना वायरस से अगर 100 लोग संक्रमित होते थे तो उससे जिनकी मौत होती थी, उनकी संख्या 2 या 3 होती थी। लेकिन, निपाह वायरस से संक्रमित होने वाले 100 में से 40 से 70 लोगों की मौत होने की आशंका रहती है।
मोनोक्लोनल एंटीबॉडी की और 20 डोज की मांग
आईसीएमआर चीफ ने ज्यादा मृत्यु दर होने की वजह से निपाह वायरस आउटब्रेक रोकने के लिए सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की भी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि '10 संक्रमितों के लिए हमारे पास अभी मोनोक्लोनल एंटीबॉडी की डोज हैं, जो अभी तक किसी को नही दी गई है....भारत की ओर से (ऑस्ट्रेलिया से)इसकी और 20 डोज की मांग की गई है.....यह दवा संक्रमण की शुरुआत में ही दी जानी चाहिए।'
दुनिया भर में 14 संक्रिमतों को दी गई है ये दवा
उनके मुताबिक, '2018 में हमें ऑस्ट्रेलिया से मोनोक्लोनल एंटीबॉडी के कुछ डोज मिले थे। अभी सिर्फ 10 मरीजों के लिए खुराक उपलब्ध हैं।' उन्होंने बताया कि दुनिया भर में 14 मरीजों को यह दवा सफलतापूर्वक दी गई है, लेकिन भारत में अभी तक किसी को नहीं दी गई है।
यह हमेशा बारिश के मौसम में होता है-डॉ राजीव बहल
उन्होंने ये भी बताया कि 'हमें नहीं मालूम कि मामले क्यों सामने आते रहते हैं....2015 में हमने पाया था कि केरल में आउटब्रेक चमगादड़ों से जुड़ा था। हम निश्चित नहीं है कि चमगादड़ों से संक्रमण इंसानों तक कैसे पहुंचा। इस लिंक को नहीं जोड़ा जा सका है। इस बार भी हम इसका पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। यह हमेशा बारिश के मौसम में होता है।'
केरल में निपाह वायरस
केरल में अभी तक 6 लोग निपाह वायरस से संक्रमित मिले हैं, जिनमें से दो लोगों की मौत हुई है। इसको देखते हुए कोझिकोड जिले में प्रशासन ने कुछ पाबंदियां लगा दी हैं। जैसे कि शिक्षण संस्थाएं, पार्क और बीच बंद कर दिए गए हैं। धार्मिक स्थलों पर भीड़ का जुटना और सार्वजनिक कार्यक्रमों पर भी रोक लगा दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications