तमिलनाडु में NIA की 6 जगह पर छापेमारी, PFI से जुड़े 5 आरोपी गिरफ्तार; अब तक 15 लोग गिरफ्त में
पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया आपराधिक साजिश मामले से जुड़े 5 आरोपियों को एनआईए ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारियां एक दिन पहले तमिलनाडु के छह स्थानों पर एजेंसी द्वारा की गई तलाशी के बाद की गईं।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आज यानी मंगलवार को पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) आपराधिक साजिश मामले से जुड़े 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कदम के साथ, एनआईए ने मामले में अब तक कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां एक दिन पहले तमिलनाडु के थेनी, डिंडीगुल, मदुरै और चेन्नई जिलों में छह स्थानों पर एजेंसी द्वारा की गई तलाशी के बाद की गईं।
एनआईए के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चेन्नई के अब्दुल रज्जाक (47), मदुरै के एडवोकेट मोहम्मद यूसुफ (35) और एडवोकेट एम मोहम्मद अब्बास (45), डिंडीगुल के काइजर ए (45) और थेनी के सातिक अली (39) के रूप में की है। बताया कि तलाशी की गई जगहों में आरोपियों की संपत्तियां शामिल थीं, जिनमें ज्यादातर घर और फार्महाउस थे। प्रवक्ता ने कहा कि तलाशी में धारदार हथियारों, डिजिटल उपकरणों और दस्तावेजों सहित कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई।
15 सदस्य अब तक गिरफ्तार
दरअसल, साल 2022 से अब तक पीएफआई के 15 सदस्यों को राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त और साजिश से संबंधित मामलों से जुड़े हैं। यह लोग धर्म के आधार पर सार्वजनिक शांति को भंग करने और सांप्रदायिक सद्भाव को नुकसान पहुंचाने वाली घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में हैं।












Click it and Unblock the Notifications