लद्दाख: नए साल पर LAC पर मिले भारत और चीन के सैनिक, एक-दूसरे को दी मिठाइयां
नई दिल्ली, 1 जनवरी: पूरा देश नए साल के जश्न में डूबा है, हालांकि इस बार कोरोना महामारी और सख्त नियमों की वजह से लोग सार्वजनिक स्थानों पर नहीं सेलिब्रेट कर पाए। वहीं दूसरी ओर भारतीय सीमा की सुरक्षा में लगे जवानों ने भी नए साल का जश्न मनाया। इस दौरान पड़ोसी देशों को मिठाइयां भी दी गईं। जिसमें चीन का नाम भी शामिल है। चीन के साथ पिछले डेढ़ साल से लद्दाख में विवाद जारी है। हाल ही में उसने अरुणाचल में नया विवाद खड़ा किया था।

भारतीय सेना के मुताबिक नए साल के मौके पर सैन्य अधिकारी और जवान लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स, डेमचोक, नाथुला और कोंगरा ला क्षेत्रों के अग्रिम पोस्ट पर पहुंचे। वहां पर दोनों देशों के जवानों ने एक-दूसरे को मिठाइयां और फल दिए। सेना के मुताबिक केके पास, डीबीओ, बॉटलनेक, कोंकला, चुशुल मोल्दो, बम ला और वाचा दमई में भी इसी तरह गिफ्ट का आदान-प्रदान हुआ। साथ ही दोनों देशों के सैनिकों ने एक-दूसरे को नए साल की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल का भी पूरी तरह से पालन किया गया।
अरुणाचल में भी विवाद जारी
आपको बता दें कि मई 2020 में लद्दाख में भारतीय सेना और चीनी सैनिकों के बीच झड़प हुई थी। जिसके बाद से वहां के कई इलाकों में विवाद जारी है। हालांकि 13 राउंड कोर कमांडर लेवल की बैठकों के बाद चीन ने विवादित इलाके से सेना हटाने पर सहमति जताई थी। वैसे अभी भी उसके बहुत से सैनिक एलएसी के पास बने कैंपों में तैनात हैं। वहीं कुछ दिनों पहले चीन ने अरुणाचल प्रदेश में नई साजिश रची। जिसके तहत उनसे भारतीय सीमा में पड़ने वाले 15 इलाकों के नाम बदल दिए। इससे पहले 2017 में भी उसने ऐसा किया था। इस पर भारत ने कड़ी आपत्ति जताई थी। साथ ही कहा था कि नाम बदलने से इतिहास नहीं बदलेगा।












Click it and Unblock the Notifications