नया खुलासा: आखिरी वक्त में अकेली नहीं थीं श्रीदेवी, दुबई के अखबार ने बताई अंतिम पलों की पूरी कहानी
Recommended Video

नई दिल्ली। श्रीदेवी की मौत के मामले में दुबई के एक अखबार, खलीज टाइम्स ने कई नए और चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। अभी तक बताया जा रहा था कि श्रीदेवी को जब दुबई के जुमैरा अमीरात टावर्स नाम के होटल में हार्टअटैक आया उस वक्त वो कमरे में अकेली थीं। लेकिन सोमवार खलीज टाइम्स ने श्रीदेवी के आखिरी पलों को लेकर एक विस्तृत रिपोर्ट छापी है जिसमें बताया गया है श्रीदेवी के आखिरी वक्त में अकेली नहीं, बल्कि उनके पति बोनी कपूर उनके साथ मौजूद थे।

सरप्राइज देने आए थे बोनी कपूर
रिपोर्टस के मुताबिक बोनी कपूर शनिवार को करीब शाम 5.30 बजे मुंबई से दुबई के होटल जुमैरा अमीरात टावर्स में पहुंचे जहां श्रीदेवी अपने कमरे में सो रहीं थीं। बोनी कपूर, श्रीदेवी को शाम में डिनर कराकर सरप्राइज देना चाहते थे। बोनी कपूर ने कमरे में पहुंच श्रीदेवी को जगाया और फिर दोों ने लगभग 15 मिनट तक बात की जिसके बाद बोनी कपूर ने श्रीदेवी को डिनर के लिए इनवाइट किया।

वाशरूम से नहीं बाहर आईं श्रीदेवी
अपने पति के साथ डिनर पर जाने के लिए श्रीदेवी बिस्तर से उठकर वाशरूम में तैयार होने के लिए गईं। लेकिन जब 15 मिनट तक श्रीदेवी वाशरूम से बाहर नहीं आईं तो बोनी कपूर को थोड़ी चिंता हुई और उन्होंने जाकर वाशरूम का दरवाजा खटखटाया। वाशरूम से जब काफी देर तक कोई आवाज नहीं आई तो बोनी कपूर ने दरवाजे को जोर लगाकर खोला।

दरवाजा खुला तो इस हालत में मिलीं श्रीदेवी
बोनी कपूर ने जब दरवाजा खोला तो देखा कि श्रीदेवी पानी से भरे बाथटब में बेहोश पड़ी हैं। खलीज टाइम्स ने बताया कि बोनी कपूर ने श्रीदेवी को होश में लाने के लिए काफी कोशिश की लेकिन जब श्रीदेवी होश में नहीं आईं तो बोनी कपूर ने अपने एक दोस्त को फोन किया। बोनी कपूर ने करीब 9 बजे दुबई पुलिस को इस मामले की सूचना दी। पुलिस और मेडिकल स्टॉफ जबतक पहुंचती तब तक श्रीदेवी इस दुनिया को अलविदा कह चुकी थीं।

श्रीदेवी को दुबई में छोड़ मुंबई आ गए थे बोनी कपूर
दरअसल, श्रीदेवी अपने भांजे मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने अपने पति और बेटी के साथ दुबई गईं थीं। मोहित मारवाह की शादी 20 फरवरी को थी। शादी संपन्न होने के बाद श्रीदेवी ने बोनी कपूर से कुछ और दिन दुबई में रुकने की इच्छा जाहिर की थी जिसके बाद बोनी कपूर उन्हें दुबई में छोड़कर काम के सिलसिले में मुंबई आ गए थे। शनिवार को बोनी कपूर श्रीदेवी को सरप्राइज देने के लिए वापस दुबई गए थे।

आज शाम आएगा श्रीदेवी का शव
रिपोर्ट के ही मुताबिक दुबई पुलिस ने श्रीदेवी के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पूरी कर ली है। इस रिपोर्ट में श्रीदेवी की दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु की पुष्टि हुई है। बताया जा रहा है श्रीदेवी का पार्थिव शरीर सोमवार शाम दुबई से मुंबई के लिए रवाना हो जाएगा। श्रीदेवी के अंतिम दर्शन के लिए श्रीदेवी के घर के बाहर सैंकड़ों की संख्या में गमगीन फैंस जमा हो गए। सभी को श्रीदेवी के आखिर दर्शन का इंतजार है।












Click it and Unblock the Notifications