जेट एयरवेज के नए मालिक का दावा, अगर सबकुछ ठीक रहा तो 6 महीने में शुरू होगी फ्लाइट
नई दिल्ली: जेट एयरवेज छह महीने के अंदर आसमान में फिर से उड़ान भर सकती है। भारतीय मूल के दुबई के कारोबारी मुरारी लाल जालान ने एयरलाइन को बचाने की कोशिश के बारे में बताया। सोमवार को एनडीटीवी से कहा कि उनको एविएशन सेक्टर में सबसे बड़े टर्नओवर की उम्मीद है। जालान ने कहा कि मैं अगले छह महीनों में जेट एयरवेज के उड़ान भरने की उम्मीद कर रहा हूं, जो एनसीएलटी (नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल) की मंजूरी पर निर्भर करता है।

उन्होंने कहा कि एक बार एनसीएलटी क्लीयरेंस हो जाने के बाद कोई बाधा नहीं आएगी। हम बहुत जल्द ही ऐसा करने की उम्मीद कर रहे हैं। जेट के पास जो रूट हुआ करते थे, उनका होना बहुत जरूरी है और एक पूर्ण एयरलाइन के रूप में हमारे पास बहुत सारे कॉर्पोरेट हैं।
जेट एयरवेज के नए मालिक मुरारीलाल जालान ने बताया कि एयरलाइन पांच साल में अपने पहले जैसे पैमाने पर वापस आ सकती है। उन्होंने कहा कि हम इस साल 25 विमानों के साथ और फिर पांच सालों में 125 विमानों के साथ एयरलाइंस शुरू करने जा रहे हैं, जिसमें हम नए विमान का उपयोग करेंगे। एनसीएलटी मंजूरी के बाद हम अपने विमान का टेस्टिंग करेंगे कि हमें क्या करना चाहिए।
आपको बता दें कि भारी नुकसान और कर्ज के चलते जेट एयरवेज अप्रैल साल 2019 में बंद हो गई थी। एयरलाइंस के बंद होने के बाद कंपनी के करीब 17 हजार कर्मचारी बेरोजगार होकर सड़क पर आ गए। कंपनी के कर्मचारियों ने अपनी सैलेरी और नौकरी के लिए काफी दिनों तक प्रदर्शन भी किया था।












Click it and Unblock the Notifications