Nepal Landslide VIDEO: नेपाल में बारिश से भूस्खलन-ढहा पहाड़, 24 की मौत-14 लापता, कितने जिलों में तबाही?
Nepal Landslide VIDEO: नेपाल में अगस्त के अंत में आई विनाशकारी बाढ़ के कुछ ही हफ्तों बाद एक बार फिर भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। लगातार तीन दिनों तक हुई बारिश के बाद कई जिलों में भूस्खलन और नदियों में बाढ़ आ गई। हादसों में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। कई घर, सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं।
बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में मनांग, म्याग्दी, बाग्लुंग, परबत और पाल्पा शामिल हैं। दक्षिणी तराई के कुछ हिस्सों में भी जलभराव और कटाव की स्थिति बनी हुई है। आइए विस्तार से जानते हैं किन जिलों सबसे ज्यादा तबाही...

पलक झपकते ही ढह गया पहाड़
भारी बारिश के बाद भूस्खलन के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इनमें से एक वीडियो में लोगों को चीखते हुए सुना जा सकता है। कैमरे में उनके घरों के पास पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिरता दिखाई देता है। कुछ ही सेकंड में पहाड़ी का मलबा तेजी से नीचे की ओर आता है। यह दृश्य प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों के सामने मौजूद खतरे की भयावह तस्वीर दिखाता है।
इन 5 जिलों में सबसे ज्यादा तबाही
अधिकारियों के मुताबिक, गंडकी प्रांत के बाग्लुंग में 10, म्याग्दी में 6 और मनांग में 2 लोगों की मौत हुई है। वहीं, लुम्बिनी प्रांत के पाल्पा में 5 लोगों की जान गई है। धनुषा जिले की मिथिला नगरपालिका में भूस्खलन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई। 14 लोग अभी भी लापता हैं। इनमें मनांग के 10, म्याग्दी के 3 और बाग्लुंग का एक व्यक्ति शामिल है। लामजुंग में दो लोगों के घायल होने की सूचना है, जबकि बाग्लुंग और म्याग्दी में भी एक-एक व्यक्ति घायल हुआ है।
747 परिवार प्रभावित, सैकड़ों घरों को नुकसान
नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, बाढ़ और भूस्खलन से 747 परिवार सीधे प्रभावित हुए हैं। कई घरों को नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों के मुताबिक, 143 घर पूरी तरह तबाह हो गए, जबकि 51 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। गंडकी प्रांत में ही 195 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं और 26 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। करीब 270 अन्य घरों पर भी खतरा बना हुआ है। लगभग 435 परिवारों के 1,500 लोगों को विस्थापित होना पड़ा है।
परबत में सबसे ज्यादा नुकसान
गंडकी प्रांत के 11 जिलों में परबत सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। यहां कम से कम 106 घर पूरी तरह नष्ट हो गए, जबकि चार घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा। इससे 162 परिवारों के करीब 540 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है।
छह पुल पूरी तरह तबाह
आपदा का असर सिर्फ घरों तक सीमित नहीं है। बाढ़ और भूस्खलन में 6 पुल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि 2 पुलों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा तीन सरकारी कार्यालय पूरी तरह नष्ट हुए हैं और तीन को आंशिक नुकसान पहुंचा है। 15 पशुशालाएं भी तबाह हो गईं और 44 पशुओं की मौत हुई है। तीन दोपहिया और 15 चार पहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
मनांग में हिमस्खलन, दो पर्वतारोहियों की मौत
मनांग के नारफू क्षेत्र में हिमलुंग हिमालय में रविवार को हिमस्खलन हुआ। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो पाई है। मनांग जिला पुलिस के मुताबिक, कई दिनों की बारिश के बाद हिमस्खलन हुआ। इस क्षेत्र में 22 लोगों का एक पर्वतारोहण दल मौजूद था, जिसमें 9 पर्वतारोही और 13 सहायक कर्मचारी शामिल थे।
दल के 10 सदस्यों से नारफू के फू गांव से संपर्क हो गया है, जबकि बाकी लोगों की तलाश जारी है। खराब मौसम के कारण रविवार को बचाव अभियान प्रभावित हुआ। काठमांडू से हेलीकॉप्टर भेजा गया था और मौसम में सुधार होने पर अभियान दोबारा शुरू किया जाना था।
काली गंडकी नदी ने मचाई सबसे ज्यादा तबाही
नेपाल के आपदा प्राधिकरण के अनुसार, काली गंडकी नदी ने सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। इसके अलावा नारायणी और तिनाऊ नदियों के जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में बाढ़, कटाव और जलभराव की स्थिति बनी। काली गंडकी में आई बाढ़ ने स्यांगजा और गुलमी को जोड़ने वाले एक कंक्रीट पुल को भी बहा दिया। इससे दोनों जिलों के बीच सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है।
बिजली परियोजनाओं पर भी असर
बाढ़ का असर नेपाल के बिजली ढांचे पर भी पड़ा है। स्यांगजा के बेल्टारी स्थित 144 मेगावाट की काली गंडकी 'ए' जलविद्युत परियोजना के मिर्मी बांध के तीनों गेट जलस्तर बढ़ने के बाद पूरी तरह खोलने पड़े। इसके साथ ही बिजली उत्पादन रोक दिया गया। म्याग्दी के दाना और परबत के कुश्मा के बीच 220 किलोवाट काली गंडकी कॉरिडोर ट्रांसमिशन लाइन के टावर 21 और 22 भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। कुश्मा-न्यू बुटवल ट्रांसमिशन लाइन में आई दिक्कतों से 358.2 मेगावाट बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ है। नीलगिरी और राहुघाट समेत कई जलविद्युत परियोजनाओं में भी उत्पादन प्रभावित हुआ है। प्रभावित जिलों में राहत, बचाव और नुकसान का आकलन जारी है।


Click it and Unblock the Notifications
