क्या अंबानी के लड़के की शादी मणिपुर से ज्यादा जरूरी है?, नेहा सिंह राठौर ने PM मोदी से कुछ यूं पूछा सवाल
Neha Singh Rathore: मुकेश अंबानी के सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट 12 जुलाई को शादी के पवित्र बंधन में बंध गए। शनिवार 13 जुलाई की शाम शुभ आशीर्वाद कार्यक्रम हुआ, जिसमें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दोनों को आशीर्वाद देने के लिए मुंबई पहुंचे। वहीं, लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने मणिपुर हिंसा का जिक्र करते हुए पीएम मोदी से सवाल पूछा है।
लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शुभ आशीर्वाद सेरेमनी में एंट्री करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी का वीडियो अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर शेयर किया है। साथ ही, तंज करते हुए सवाल पूछा कि, 'क्या अंबानी के लड़के की शादी मणिपुर से ज्यादा जरूरी है? आप मणिपुर क्यों नहीं गए?'

दरअसल, पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार 13 जुलाई को महाराष्ट्र की आर्थिक राजधानी मुंबई पहुंचे और यहां मुकेश अंबानी के सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के शुभ आशीर्वाद कार्यक्रम में शामिल हुए। पीएम मोदी ने नवविवाहित जोड़े से मुलाकात की और उन्हें वैवाहिक जीवन की नई यात्रा के लिए आशीर्वाद दिया।
सोशल मीडिया में कार्यक्रम का इनसाइड वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें अनंत और राधिका ने नरेंद्र मोदी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। पीएम मोदी ने आशीर्वाद के साथ उपहार भी दिया। लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने पीएम मोदी के इस कार्यक्रम का वीडियो पोस्ट कर उन्हें घेरने की कोशिश की। हालांकि, सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हीं से सवाल पूछने शुरू कर दिए।
यूजर्स ने दी अपनी प्रतिक्रिया
फ्रीलांस पत्रकार ने लिखा, 'तुम मणिपुर क्यों नहीं गई? पश्चिम बंगाल में महिलओं को बलात्कार करने के बाद उनके शव को जलाकर किस तरह मिट्टी में दफनाया जा रहा है। इस पर क्यों नहीं बोली?' वहीं, दूसरे यूजर्स ने लिखा, 'सुबह से विपक्ष के कई नेता अंबानी के यहां पहुंचे थे तब तुम शांत थी परंतु जैसे ही मोदी जी पहुंचे तुम लोगों का रोना शुरू हो गया, एक टॉपिक मिल गया।'
अक्सर सरकार पर निशाना साधती रहती है नेहा सिंह राठौर
नेहा सिंह राठौर अक्सर बीजेपी सरकार पर निशाना साधती नजर आती हैं। हाल ही में नेहा ने एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा था कि ये देश में बेरोजगारी की जमीनी हकीकत है। मैं इसी की बात करती हूं। ये हालात देश के लिए खतरनाक हैं। समय रहते इसका निदान नहीं हुआ तो बात हाथ से निकल जाएगी। उस वक्त सरकार जनसंख्या को दोष देकर कन्नी काट लेगी।












Click it and Unblock the Notifications