NEET Paper Leak: सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, पटना और हजारीबाग से दो लोगों को किया गिरफ्तार
NEET Paper Leak: नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई ने मंगलवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने पटना से पंकज कुमार और झारखंड के हजारीबाग से राजू सिंह नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के मुताबिक पंकज पर हजारीबाग में ट्रैक से पेपर चोरी करने और आगे बांटने का आरोप है। वहीं राजू सिंह ने पेपर को आगे लोगों को देने में मदद की है।
सीबीआई से जुड़े सूत्रों के मुताबिक पंकज सिविल इंजीनियर है और झारखंड के बोकारो का रहने वाला है। इसी ने हजारीबाग के ट्रैक से पेपर चोरी किया था। पंकज ने ही पेपर को आगे बांटा था। पेपर को आगे बांटने में राजू सिंह ने पंकज की मदद की थी। पंकज पेपर चोरी करने का मास्टरमाइंड है।

सूत्रों की माने तो पंकज कुमार उर्फ आदित्य कुमार ने ट्रैक से पेपर चोरी किया था और उसे अपने गैंग के लोगों को आगे बांटता था। एनटीए इसी ट्रैक से पेपर को अलग-अलग सेंटर तक पहुंचाता था। सीबीआई ने दूसरी गिरफ्तारी राजू नाम के व्यक्ति की की है। राजू को झारखंड के हजारीबाग से गिरफ्तार किया गया है। राजू को पंकज के जरिए पेपर मिला था। राजू ने भी पेपर बांटे थे। नीट केस में इन दोनों की गिरफ्तारी को अहम माना जा रहा है। पंकज की गिरफ्तारी से यह पूरी तरह से साफ हो गया है कि पेपर लीक हुआ था।
पटना पुलिस के जरिए गिरफ्तार 13 आरोपियों को कस्टडी में लेकर सीबीआई पूछताछ कर रही है। इसमें कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। नीट पेपर लीक मामले को लेकर पटना हाई कोर्ट ने 12 जुलाई को इन 13 आरोपियों की कस्टडी सीबीआई को दी थी। इन सभी आरोपियों को पटना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। सीबीआई अब इन आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।
सीबीआई से जुड़े सूत्र बताते हैं कि इसे कई बड़ी जानकारियां हासिल हो सकती है। नीट पेपर लीक को लेकर सुप्रीम कोर्ट में 18 जुलाई को सुनवाई होनी है।
आपको बता दें कि नीट पेपर लीक का मास्टरमाइंड संजीव मुखिया अभी भी फरार चल रहा है। यह पेपर लीक करवाने का सबसे बड़ा माफिया है। बिहार के अलावा देश के अन्य राज्यों में पेपर लीक माफियाओं से संजीव मुखिया की सांठ-गांठ है। मुखिया अब तक कई पेपर लीक करवा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications