चायवाला, नालायक, पाकिस्तान को इज्जत दो और नीच... क्या BJP के लिए फिर से वरदान बनेंगे मणिशंकर अय्यर के बयान?
लोकसभा चुनावों से पहले मणिशंकर अय्यर ने एक बार फिर से विवादित बयान दिया है। उन्होंने पाकिस्तान को इज्जत देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि पाकिस्तान के पास एटम बम है।
पूर्व कांग्रेसी नेता ने कहा कि पाकिस्तान में कोई भी पागल इस बम का इस्तेमाल भारत पर कर सकता है। अय्यर का यह बयान अप्रैल 2024 का बताया जा रहा है, जो अब काफी वायरल हो रहा है।

अय्यर इस वायल वीडियो में कह रहे हैं, पाकिस्तान भी एक संप्रभु राष्ट्र है। उनकी भी इज्जत है। उनकी इज्जत को कायम रखते हुए उनसे जितनी कड़ी बात करनी है करो, लेकिन बात तो करो। आप बंदूक लेकर घूम रहे हो। उससे क्या हल मिला, कुछ नहीं। तनाव बढ़ता जाता है। कोई भी पागल वहां आ जाए तो क्या होगा देश का।
अय्यर आगे कहते हैं, उनके पास एटम बम है। हमारे पास भी है, लेकिन किसी पागल ने हमारे बम को लाहौर स्टेशन में छोड़ा तो आठ सेकेंड के अंदर उसकी रेडियो एक्टिविटी अमृतसर पहुंचेगी। आप उसको इस्तेमाल करने को रोको। लेकिन आपने उससे बात की, उसको इज्जत दी तभी जाकर वह अपने बम के बारे में नहीं सोचेंगे। लेकिन आपने उसको ठुकरा दिया तो फिर क्या होगा?
दुनिया का विश्वगुरु बनने के लिए यह दिखाना जरूरी है कि हम पाकिस्तान के साथ सभी मुद्दों को हल करने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं। पिछले दस सालों में मोदी सरकार की ओर से पाकिस्तान से बातचीत करने की दिशा में कोई प्रयास नहीं किया गया है।
आपको बता दें कि पहले भी ऐसे बयान देकर मणिशंकर अय्यर विवादों में घिर चुके हैं।
मोदी को कहा था चायवाला
मणिशंकर अय्यर कई बार पीएम मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर चुके हैं। 2014 के चुनाव में अय्यर ने गुजरात के तत्कालीन सीएम मोदी को लेकर कहा था कि वो कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। हां वो अगर चाहे तो कांग्रेस मुख्यालय के आगे चाय जरूर बेच सकते हैं।
नरेंद्र मोदी के पिता रेलवे स्टेशन पर चाय बेचा करते थे। ऐसे में इसे मोदी का अपमान माना गया। इसके बाद बीजेपी ने इसे बड़ा मुद्दा बना लिया। मोदी खुद को चायवाला कहने लगे और भाजपा ने चाय से जुड़ा एक बड़ा कैंपेन शुरू कर दिया। बीजेपी को इसका फायदा भी हुआ और वह चाय बेचने वाले कमजोर लोगों तक अपनी पहुंच बनाने में कामयाब हुई।
PM मोदी पर की थी अपमानजनक टिप्पणी
2014 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान जब पीएम मोदी ने अमेठी में गांधी परिवार पर हमला बोलते हुए उस पर गुस्से की राजनीति का आरोप लगाया था तब जवाब में कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी ने कहा था कि पीएम मोदी की 'नीच राजनीति' का जवाब अमेठी की जनता उनको हर एक बूथ पर देगी। दिसंबर 2013 में अय्यर ने नरेंद्र मोदी को 'जोकर' कह दिया था।

अटल बिहारी को भी कहे अपशब्द
अय्यर ने 1998 में तत्कालीन प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अटल बिहारी वाजपेयी को 'नालायक' कहा था। उनकी टिप्पणी पर बवाल मचने पर कांग्रेस नेता को माफी मांगने पर मजबूर होना पड़ा था। उस समय अय्यर ने यह कहते हुए अपना बचाव किया था कि वह वह हिन्दी के शब्दों का आशय नहीं समझते हैं।
आतंकी को कहा था साहब
मणिशंकर अय्यर मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद को 'हाफिज साहब' कह दिया था। इस दौरान अय्यर के पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान ने भी काफी हंगामा मचाया था। अय्यर ने कहा था कि उन्हें पाकिस्तान में जो प्यार मिलता है उससे कहीं ज्यादा दुश्मनी हिंदुस्तान में मिलती है।
नरसिम्हा राव सांप्रदायिक थे
अगस्त 2023 में मणिशंकर अय्यर ने पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव को सांप्रदायिक बताया था। उन्होंने कहा था कि जब बाबरी मस्जिद गिराई जा रही थी, उस दौरान नरसिम्हा राव पूजा कर रहे थे। वे भारत को हिंदू राष्ट्र बताते थे। भाजपा के पहले प्रधानमंत्री अटल विहारी बाजपयी नहीं बल्कि पीवी नरसिम्हा राव थे।
राम मंदिर पर भी दिया विवादित बयान
साल 2019 में मणिशंकर अय्यर ने भगवान राम के जन्म लेने की जगह के दावे पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि उनके महल में 10000 कमरे थे। आप कैसे पुख्ता तौर पर कह सकते हैं कि भगवान राम वहीं पैदा हुए थे।
आपको बता दें कि मणिशंकर अय्यर ने जब-जब अपना मुंह खोला, तब-तब कांग्रेस पर संकट के बादल मंडराए हैं। कहा तो ये भी जाता है कि साल 2014 में मणिशंकर अय्यर के एक बयान ने ही नरेंद्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बना दिया था। अब एक बार फिर से मणिशंकर अय्यर ने बीजेपी को फायदा पहुंचाने वाली बात कही है। अब देखना होगा कि बीजेपी इसका फायदा कैसे उठा पाती है।












Click it and Unblock the Notifications