E20 Petrol से NDA वोटर्स भी हैं नाराज! 50% से ज्यादा लोग मोदी सरकार से हैं खफा, C-Voter सर्वे ने खोली पोल

E20 Petrol C-Voter Survey Details: E20 Petrol को लेकर सरकार की तरफ से भले ही लगातार सफाई दी जा रही हो, लेकिन जनता के बीच इसे लेकर भरोसा अभी पूरी तरह नहीं बना है। खास बात यह है कि NDA को वोट देने वाले लोगों का बड़ा हिस्सा भी E20 पेट्रोल के इस्तेमाल के पक्ष में नहीं है।

सी-वोटर के ताजा स्नैप पोल में 52.5 फीसदी NDA वोटर्स ने कहा कि वे अपनी गाड़ी में E20 पेट्रोल लेना पसंद नहीं करेंगे। सिर्फ 18.1 फीसदी ने इसका इस्तेमाल करने की बात कही। 29.5 फीसदी लोग इस सवाल पर कुछ तय नहीं कर पाए।

E20 petrol C-Voter survey

E20 Petrol को लेकर जनता का मूड क्या है?

पूरे सर्वे की तस्वीर देखें तो E20 को लेकर झुकाव और भी कमजोर दिखता है। 55.1% लोगों ने कहा कि वे E20 पेट्रोल नहीं लेना चाहते, जबकि सिर्फ 17.1 फीसदी इसके इस्तेमाल के पक्ष में रहे। विपक्षी वोटर्स में विरोध 57.9 फीसदी रहा। दूसरे दलों के समर्थकों में भी 55 फीसदी ने E20 को नापसंद किया। यानी मामला सिर्फ सरकार के विरोध या विपक्ष की राजनीति तक सीमित नहीं दिखता। लोगों की सबसे बड़ी चिंता सीधे उनकी गाड़ी, माइलेज और खर्च से जुड़ी है।

माइलेज घटने का डर क्यों बढ़ा?

सर्वे में 52.8 फीसदी लोगों ने माना कि E20 पेट्रोल से गाड़ी का माइलेज कम हो सकता है। NDA वोटर्स में भी 51.2 फीसदी लोग ऐसा मानते हैं। विपक्षी वोटर्स में यह आंकड़ा 55.4 फीसदी तक पहुंच गया। यही वह मुद्दा है जो आम कार और बाइक मालिक को सबसे ज्यादा परेशान करता है। पेट्रोल की कीमत के साथ अगर माइलेज भी कम हो जाए, तो महीने का ईंधन खर्च बढ़ सकता है।

E20 को लेकर वाहन खराब होने का डर भी बड़ा है। 54.2 फीसदी लोगों को लगता है कि इथेनॉल ब्लेंडर पेट्रोल से ज्यादातर गाड़ियों को नुकसान हो सकता है। NDA वोटर्स में यह आंकड़ा 49.9 फीसदी और विपक्षी वोटर्स में 60.2 फीसदी रहा। वहीं 14.3 फीसदी लोगों का मानना था कि E20 से सिर्फ कुछ गाड़ियों को नुकसान हो सकता है। केवल 10.9 फीसदी ने कहा कि इससे गाड़ियों को नुकसान नहीं होता।

पुरानी गाड़ियों के मालिक क्यों नाराज हैं?

E20 की अनिवार्य बिक्री का एक बड़ा सवाल पुरानी गाड़ियों को लेकर है। सर्वे में 56.3 फीसदी लोगों ने माना कि E20 को अनिवार्य करना पुराने वाहन मालिकों के साथ सही नहीं है। NDA वोटर्स में 49.2 फीसदी लोगों ने भी इस बात से सहमति जताई। विपक्षी वोटर्स में यह आंकड़ा 65.8 फीसदी रहा। यहां चिंता साफ है। अगर कोई गाड़ी पुराने इथेनॉल ब्लेंडेड स्टैंडर्ड के हिसाब से बनी है, तो उसका मालिक अचानक नए फ्यूल विकल्प के सामने खुद को फंसा हुआ महसूस कर सकता है।

जनता बोली- E20 रखिए, लेकिन विकल्प भी दीजिए

सर्वे में सबसे दिलचस्प बात यह सामने आई कि लोग इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल के साथ-साथ रेगुलर पेट्रोल का विकल्प भी चाहते हैं। कुल 75.9 फीसदी लोगों ने कहा कि दोनों तरह का फ्यूल बाजार में मौजूद होना चाहिए। NDA वोटर्स में भी 72.4 फीसदी ने उपभोक्ता की पसंद का समर्थन किया।

कीमत को लेकर भी राय काफी साफ रही। 74.5 फीसदी लोगों ने कहा कि E20 पेट्रोल की कीमत रेगुलर फ्यूल से कम होनी चाहिए। NDA वोटर्स में यह मांग 75.6 फीसदी रही। लेकिन सस्ता E20 भी लोगों को पूरी तरह मनाने में सफल नहीं होगा। कीमत कम होने पर सिर्फ 40.8 फीसदी लोगों ने कहा कि वे E20 पर स्विच कर सकते हैं। 40.4 फीसदी ने फिर भी इसे लेने से इनकार किया।

सरकार की इथेनॉल पॉलिसी को कितना सपोर्ट?

सिर्फ E20 फ्यूल ही नहीं, बल्कि इथेनॉल ब्लेंडेड पॉलिसी को लेकर भी जनता बंटी हुई है। 52 फीसदी लोगों ने कहा कि वे पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने की नीति का समर्थन नहीं करते। सिर्फ 22 फीसदी इसके पक्ष में थे। NDA वोटर्स में 48.2 फीसदी ने पॉलिसी का विरोध किया, जबकि 24.4 फीसदी ने समर्थन किया। 27.4 फीसदी लोग किसी पक्ष में नही रहे।

सरकार का तर्क है कि इथेनॉल ब्लेडिंग से क्रूड ऑयल इम्पोर्ट्स पर भारत की निर्भरता कम हो सकती है। इस दावे पर 37.2 फीसदी लोगों ने पूरी तरह सहमति जताई और 19.5 फीसदी ने कुछ हद तक इसे सही माना। दूसरी तरफ 17.1 फीसदी ने इसे पूरी तरह खारिज किया और 14.1 फीसदी ने कुछ हद तक असहमति जताई।

E20 लाने के पीछे जनता को क्या वजह दिखती है?

जब लोगों से पूछा गया कि सरकार E20 को आगे क्यों बढ़ा रही है, तो 27.5 फीसदी ने क्रूड ऑयल इम्पोर्ट्स घटाने को सबसे बड़ी वजह माना। 21.3 फीसदी ने कहा कि इससे गन्ना किसानों को फायदा पहुंचाने की कोशिश है। वहीं 11 फीसदी लोगों को लगा कि प्रदूषण कम करना इसका मुख्य मकसद है।

इस पूरे विवाद के बीच केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने E20 की आलोचना करने वालों को चुनौती दी थी। उन्होंने कहा था कि ऐसा कोई एक व्यक्ति सामने लाया जाए जिसे इथेनॉल ब्लेंडेड फ्यूल से नुकसान हुआ हो।

इसके जवाब में प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि वे छह ऐसे लोगों को सामने ला सकते हैं, जिनका कहना है कि E20 के इस्तेमाल के बाद उनकी गाड़ियों में दिक्कत आई। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया से बात करने से पहले गडकरी उनसे मिलें।

सी-वोटर सर्वे में कितने लोग शामिल थे?

C-Voter ने यह सर्वे 8 और 9 जुलाई को किया था। इसमें 18 साल या उससे ज्यादा उम्र के 1,641 लोगों से बात की गई। लोगों की राय टेलीफोन पर बातचीत के जरिए ली गई। सी-वोटर के मुताबिक सर्वे के आंकड़ों को देश की आबादी और चुनावी आंकड़ों के हिसाब से संतुलित किया गया।

इसके लिए जनगणना और चुनाव आयोग के रिकॉर्ड का इस्तेमाल किया गया। हाल के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में लोगों ने जिस तरह वोट किया था, सर्वे के आंकड़ों में उसका भी ध्यान रखा गया। इसमें करीब एक फीसदी ऊपर-नीचे का अंतर रखा गया है।

यह सर्वे देश के सभी राज्यों के अलग-अलग जिलों में किया गया। C-Voter के मुताबिक पूरे देश के स्तर पर इस सर्वे में तीन फीसदी ऊपर-नीचे होने की गुंजाइश है। छोटे स्तर पर यह अंतर पांच फीसदी तक हो सकता है। सर्वे के आंकड़ों की भरोसेमंदता का स्तर 95 फीसदी रखा गया है। कुछ आंकड़ों को जोड़ने पर 100 फीसदी का आंकड़ा न बनना सिर्फ दशमलव को ऊपर-नीचे करने की वजह से है।

यानी E20 पेट्रोल को लेकर सवाल सिर्फ सरकार और विपक्ष के बीच की बहस नहीं है। सी-वोटर के आंकड़े दिखाते हैं कि NDA को वोट देने वाले लोगों के मन में भी गाड़ी के माइलेज, गाड़ी को नुकसान, पेट्रोल की कीमत और अपनी पसंद का ईंधन चुनने को लेकर चिंता है। अब बड़ा सवाल यह है कि सरकार E20 को लेकर जो भरोसा दिला रही है और वाहन मालिकों के मन में जो डर है, उनके बीच की दूरी कैसे खत्म होगी।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+