देश में शांति कायम हो जाए अगर पीएम के "भक्त" सोशल मीडिया छोड़ दें: नवाब मलिक
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया छोड़ने की इच्छा जाहिर की है। उन्होंने सोमवार को तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस बारे में अपनी मन की बात लोगों के सामने रखी। पीएम ने लिखा कि रविवार को सोच रहा था कि सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफॉर्म फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब को छोड़ दूं। पीएम मोदी के इस ट्वीट के बाद तमाम राजनीतिक दलों के नेता इसपर चुटकी ले रहे हैं और पीएम मोदी पर निशाना साध रहे हैं। एनसीपी नेता नवाब मलिक ने भी पीएम मोदी और भाजपा समर्थकों को लेकर तंज कसा है।

देश में शांति आएगी
नवाब मलिक ने कहा कि सोमवार को पीएम मोदी ने इस बात का इशारा किया है कि वह सोशल मीडिया छोड़ देना चाहते हैं। कुछ और नेता भी सोशल मीडिया छोड़ने की बात कर रहे हैं। नवाब मलिक ने कहा कि अगर सभी भक्त सोशल मीडिया छोड़ दें तो यह देश शांतिपूर्ण हो जाएगा। बता दें कि नवाब मलिक के अलावा तमाम दलों के नेताओं ने पीएम मोदी की सोशल मीडिया छोड़ने की इच्छा पर तंज कसा है और उनपर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट करके लिखा कि पीएम नफरत छोड़ें सोशल मीडिया अकाउंट छोड़ने की जरूरत नहीं है।
सत्ता का मोह, लगाव छोड़िए
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पीएम मोदी के ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि आप नफरत को छोड़िए, सोशल मीडिया अकाउंट को नहीं। वहीं समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने ट्वीट करके लिखा सामाजिक संवाद के रास्ते बंद करने की सोचना अच्छी नहीं है बात... छोड़ने के लिए और भी बहुत कुछ सार्थक है साहब... जैसे सत्ता का मोह-लगाव, विद्वेष की राजनीति का ख़्याल, मन-मर्ज़ी की बात, चुनिंदा मीडिया से करवाना मनचाहे सवाल और विश्व विहार... कृपया इन विचारणीय बिंदुओं पर भी करें विचार!
थरूर ने कसा तंज
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने पीएम मोदी के ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि पीएम मोदी के ऐलान के बाद लोगों के भीतर इस बात की शंका खड़ी हो रही है कि क्या पूरे देश में भी इस सेवा को बंद कर दिया जाएगा। पीएम मोदी को यह बेहतर पता है कि लोगों में अच्छा और सकारात्मक संदेश भेजने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया जा सकता है। सोशल मीडिया का इस्तेमाल नफरत फैलाने के लिए नहीं होना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications