कांग्रेस में 10 जनवरी को शामिल हो सकते हैं नवजोत सिंह सिद्धू, राहुल गांधी का है इंतजार
बीजेपी के टिकट पर साल 2004 से 2014 तक अमृतसर लोकसभा सीट से सांसद रहे नवजोत सिंह सिद्धू ने बीते महीने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी और कांग्रेस के भीतर अपनी संभावनाएं तलाशी थीं।
नई दिल्ली। बीजेपी से अलग होकर अपनी पार्टी बनाने वाले पूर्व क्रिकेटर और राजनेता नवजोत सिंह सिद्धू 10 जनवरी को कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं। अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह कांग्रेस के टिकट पर अमृतसर ईस्ट लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। इस सीट से अभी उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू विधायक हैं। नवजोत कौर ने बीते साल नवंबर में कांग्रेस की सदस्यता ले ली थी। कांग्रेस ने सिद्धू दंपति को चुनाव लड़ने के लिए खुद सीट का फैसला करने को कहा है कि दोनों में से कौन उस सीट से चुनाव लड़ेगा। कौर ने बीते सप्ताह संकेत दिए थे कि सिद्धू उनकी सीट से चुनाव लड़ सकते हैं।

लगातार 10 साल तक सांसद रहे सिद्धू
बीजेपी के टिकट पर साल 2004 से 2014 तक अमृतसर लोकसभा सीट से सांसद रहे नवजोत सिंह सिद्धू ने बीते महीने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी और कांग्रेस के भीतर अपनी संभावनाएं तलाशी थीं। राहुल गांधी नए साल पर विदेश यात्रा पर गए थे। अभी वह लौटकर नहीं आए। कहा जा रहा है कि सिद्धू राहुल गांधी के वापस आने के बाद ही कांग्रेस ज्वाइन करेंगे। सिद्धू चाहते हैं जब वह कांग्रेस में शामिल हो तो वहां राहुल गांधी भी मौजूद हों। कांग्रेस की सेंट्रल इलेक्शन कमेटी भी 10 जनवरी को बैठक करेगी और पंजाब की 40 अन्य सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम तय करेगी। पार्टी ने अब तक 77 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
AAP की थी सिद्धू को शामिल करने की कोशिश
बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू और उनकी पत्नी ने बीते साल बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से मतभेद के बाद पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। सिद्धू ने आरोप लगाया था कि उन्हें लगातार नजरअंदाज किया गया। सिद्धू ने बीजेपी छोड़ने के बाद अपनी पार्टी बनाई और उसे 'आवाज-ए-पंजाब' नाम दिया। शुरुआत में उन्हें आम आदमी पार्टी ने खुद में मिलाने की कोशिश की थी लेकिन सिद्धू राजी नहीं हुए।












Click it and Unblock the Notifications