मां खरीद रही थी वड़ा पाव, नशेड़ी शख्स ने किया 3 साल के मासूम का अपहरण
नवी मुंबई। दिल्ली से सटे गुरुग्राम के स्कूल में 7 साल के मासूम की हत्या का मामला अभी थमा भी नहीं था, इस बीच नवी मुंबई में तीन साल के मासूम बच्चे के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब बच्चे की मां वड़ा पाव खरीद रही थी, उसी समय नशे के आदी एक शख्स ने तीन साल के मासूम का अपरहण कर लिया।

वाशी रेलवे स्टेशन में सामने आया मामला
पूरा मामला नवी मुंबई के वाशी रेलवे स्टेशन का है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें साफ नजर आ रहा कि एक शख्स 3 साल के मासूम का पहले अपहरण करता है और फिर एक ट्रेन में सवार होकर फरार हो जाता है। सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आता है कि कैसे आरोपी शख्स बच्चे को अपनी बांहों में लेता है और फिर प्लेटफॉर्म तीन पर खड़ी पनवेल जाने वाली ट्रेन में सवार होकर फरार हो जाता है।
पुलिस ने बताया कि बुधवार को तीन साल के मासूम का अपहरण हुआ है, इस बच्चे का नाम रघु नान शिंदे है। बच्चा अपने परिवार के साथ वाशी के सेक्टर 31 में स्थित केरल हाउस के पास मौजूद बस्ती में रहता है। जिस समय बच्चे का अपहरण हुआ उसने सफेद शर्ट और काली पैंट पहन रखा था। पुलिस ने बताया कि जिस शख्स ने वाशी स्टेशन से बच्चे का अपहरण किया वो नशे का आदी था। उसने बच्चे का अपहरण भी नशे की हालत में ही किया है। वाशी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि बच्चा अपनी मां के साथ वाशी रेलवे स्टेशन पर आया था। उसकी मां वड़ा पाव खरीद रही थी जब उस मासूम को नशे के आदी शख्स ने किडनैप कर लिया। फिलहाल महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 363 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है जिससे आरोपी शख्स को पकड़ा जा सके।












Click it and Unblock the Notifications