National Youth Festival में बोले PM मोदी, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन से नई क्रांति होगी, युवाओं को मिलेंगे मौके
राष्ट्रीय युवा महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की युवा शक्ति का आह्वान करते हुए कहा, अगले 25 साल राष्ट्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण हैं।

National Youth Festival Karnataka में आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक के हुबली में आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव में शामिल हुए। अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने देश की युवा शक्ति का आह्वान कर कहा, युवा शक्ति के सपने भारत की दिशा तय करते हैं। युवा शक्ति की आकांक्षाएं भारत की मंजिल तय करती हैं। युवा शक्ति का जुनून भारत की शक्ति तय करता है।
भारत के युवा अमृत पीढ़ी, समर्पण बेमिसाल
पीएम मोदी ने कहा, युवा शक्ति का दोहन करने के लिए हमें अपने विचारों से युवा होना होगा। युवा होना हमारे प्रयासों में गतिशील होना है। युवा होना हमारे परिप्रेक्ष्य में मनोरम होना है। युवा होना व्यावहारिक होना है। अगर दुनिया समाधान के लिए हमारी ओर देखती है, तो यह हमारी अमृत पीढ़ी के समर्पण के कारण है।
भारतीय युवाओं का टैलेंट
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, भारत के हर हिस्से में देश के युवाओं की प्रतिभा और क्षमता के अविश्वसनीय उदाहरण मौजूद हैं। आज भी, गणित से लेकर विज्ञान तक, जब वैश्विक मंचों पर प्रतियोगिताएं होती हैं, तो भारतीय युवाओं की प्रतिभा दुनिया को चकित करती है।
स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि
कर्नाटक के हुबली में राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2023 में पीएम मोदी ने आजादी के 75 साल के मौके पर आजादी के अमृत महोत्सव का जिक्र कर युवाओं सहित सभी देशवासियों की जिम्मेदारी की याद भी दिलाई। उन्होंने कहा, आज अमृत काल में हमें अपने कर्तव्यों पर बल देते हुए और समझते हुए देश को आगे बढ़ाना है। इसके लिए युवाओं में स्वामी विवेकानंद से बड़ी प्रेरणा है। बता दें कि स्वामी विवेकानंद की जयंती- 12 जनवरी को भारत राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाता है। पीएम मोदी ने इस मौके पर विवेकानंद को नमन भी किया।
इकोनॉमी का विकास, युवाओं के लिए अपार अवसर
भारत की क्षमता और वैश्विक मंच पर अलग-अलग क्षेत्र में देश के योगदान को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा, आज हम दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं। हमारा लक्ष्य इसे दुनिया की शीर्ष 3 अर्थव्यवस्थाओं में ले जाना है। देश की यह आर्थिक वृद्धि हमारे युवाओं के लिए अपार अवसर लाएगी।
टेक्नोलॉजी और इनोवेशन से नई क्रांति
राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2023 में भारत की भावी रणनीति और योजनाओं की ओर संकेत करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, आज, हम कृषि में अग्रणी वैश्विक शक्ति हैं। कृषि क्षेत्र में टेक्नोलॉजी और इनोवेशन से एक नई क्रांति आने वाली है। यह युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेगा, नई ऊंचाइयों को छूने का एक नया मार्ग प्रशस्त करेगा।












Click it and Unblock the Notifications