Madhya Pradesh Assembly Elections 2018: शिवभक्त, रामभक्त के बाद अब नर्मदा भक्त हुए राहुल गांधी!
भोपाल। शिव भक्त, राम भक्त और दुर्गा भक्त बनने के बाद अब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 'नर्मदा भक्त' के रूप में लोगों के सामने प्रकट होंगे। दरअसल ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि 6 अक्टूबर को राहुल गांधी जबलपुर आ रहे हैं, जिसके लिए खास तैयारियां कांग्रेस ने यहां की है, जगह-जगह पोस्टर लगाए गए हैं और इन पोस्टरों में राहुल गांधी को नर्मदा भक्त बताया गया है।

कांग्रेस का सॉफ्ट हिंदुत्व कार्ड
आपको बता दें कि कांग्रेस अब सॉफ्ट हिंदुत्व कार्ड खेलने में लगी है, उसने एमपी में गोशाला बनवाने का ऐलान किया है, यही नहीं पार्टी की ओर से राम वन पथ गमन यात्रा भी निकाली जा रही है, इसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ता उसी रास्ते पर यात्रा निकालेंगे जिससे श्री राम वनवास के लिए गए थे।

राहुल गांधी का Temple Run
आपको बता दें राहुल गांधी का यूं मंदिर-मंदिर जाकर मत्था टेकने को राजनीति के पंडितों ने टेंपल रन नाम दिया है। उनका मानना है कि राहुल के जरिए सत्ता में वापसी का ख्वाब देख रही कांग्रेस की पूरी कोशिश अपनी पार्टी की हिंदू विरोधी छवि को बदलने की है।

मुस्लिमपरस्त छवि को मिटाने की कोशिश
कांग्रेस की 2014 की करारी हार की समीक्षा के लिए गठित एके एंटोनी समिति ने हार की सबसे बड़ी वजह पार्टी की मुस्लिमपरस्त छवि को बताया था इसलिए 2019 में राहुल गांधी पार्टी की इस छवि के साथ चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं और यही वजह है कि राहुल गांधी अलग-अलग राज्यों में जाकर मंदिरों के चक्कर लगा रहे हैं।

राहुल का पलटवार
बीजेपी की ओर से भी राहुल के मंदिर जाने पर लगातार सवाल खड़े किए जा रहे हैं जिस पर आज राहुल गांधी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। राजधानी दिल्ली में आयोजित हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट में राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा को लगता है कि केवल उसी के लोग मंदिर जाते हैं और जा सकते हैं, जबकि मैं तो बचपन से ही मंदिर, मस्जिद और गुरुद्वारा जा रहा हूं, हां अचानक से इसे पब्लिसिटी मिलने लगी है, जो शायद भाजपा को अच्छी नहीं लग रही है।

2013 में राज्य में क्या थे मध्य प्रदेश में चुनावी नतीजे?
मध्य प्रदेश में कुल 231 विधानसभा सीटें हैं, 230 सीटों पर चुनाव होते हैं जबकि एक सदस्य को मनोनीत किया जाता है, 2013 के चुनाव में बीजेपी को 165, कांग्रेस को 58, बसपा को 4 और अन्य को तीन सीटें मिली थीं।












Click it and Unblock the Notifications