मंत्री बनने के लिए किस-किसको मिला न्यौता? सिंधिया, सोनोवाल दिल्ली रवाना, ये नाम भी सबसे आगे
कौन से हैं वो नाम, जिन्हें केंद्रीय कैबिनेट में जगह मिल सकती है।
नई दिल्ली, 6 जुलाई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट के विस्तार को लेकर दिल्ली में सियासी माहौल गर्माया गया है। माना जा रहा है कि संसद का मानसून सत्र शुरू होने से पहले ही अगले दो-तीन दिन में केंद्रीय कैबिनेट का विस्तार कर लिया जाएगा। इसी कड़ी में मंगलवार को कर्नाटक, मध्य प्रदेश, गोवा, हरियाणा और त्रिपुरा सहित कई राज्यों के राज्यपाल बदल दिए गए, जिसके बाद कयास लग रहे हैं कि मोदी कैबिनेट में युवा चेहरों को जगह दी जाएगी। इस बीच उन नामों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है, जिन्हें केंद्रीय कैबिनेट में जगह मिल सकती है। आइए जानते हैं कि वो कौन से चेहरे हैं, जिन्हें मंत्री पद ने नवाजा जा सकता है।
Recommended Video

मंत्री पद के लिए ये नाम हैं सबसे आगे
केंद्रीय कैबिनेट में शामिल होने वाले नए चेहरों को लेकर हालांकि पुख्ता तौर पर अभी तक कोई जानकारी नहीं है, लेकिन मंगलवार को तेजी से बदले सियासी घटनाक्रम ने कुछ संकेत जरूर दे दिए हैं। जिन नामों को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं, उनमें कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल, महाराष्ट्र से नारायण राणे, बिहार से पशुपति कुमार पारस, यूपी से अनुप्रिया पटेल, बिहार से सुशील कुमार मोदी और जेडीयू से आरसीपी सिंह का नाम सबसे आगे है।

सिंधिया, सोनोवाल और नारायण राणे दिल्ली तलब
इनमें ज्योतिरादित्य सिंधिया, सर्बानंद सोनोवाल और नारायण राणे को मंगलवार को ही दिल्ली बुला लिया गया है। दिल्ली निकलने से पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया उज्जैन के महाकाल मंदिर पहुंचे और पूजा अर्चना की। सिंधिया से जब मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह तय करना केंद्रीय नेतृत्व का काम है कि कैबिनेट में कौन शामिल होगा और उन्हें इस बारे में अभी कोई टिप्पणी नहीं करनी है।

राजनाथ सिंह बोले- मैं कुछ नहीं कह सकता
वहीं, दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से जब मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पत्रकारों ने सवाल पूछा, तो उन्होंने भी स्पष्ट तौर पर कोई जवाब देने से इंकार कर दिया। राजनाथ सिंह ने कहा कि वो कैबिनेट विस्तार की अटकलों पर कुछ नहीं कह सकते। आपको बता दें कि 2022 में यूपी, उत्तराखंड, पंजाब और गोवा में विधानसभा चुनाव हैं, जिसे देखते हुए नरेंद्र मोदी कैबिनेट के विस्तार को काफी अहम माना जा रहा है। कयास यह भी हैं कि जहां कैबिनेट में नए चेहरे शामिल किए जाएंगे, वहीं कुछ मंत्रियों के विभाग में भी परिवर्तन होगा।












Click it and Unblock the Notifications