Trump in India: 'नमस्ते' के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने मोटेरा में बताई भारत के साथ रिश्तों की अहमियत
अहमदाबाद। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी दो दिवसीय भारत यात्रा का आगाज कर दिया है। मोटेरा स्टेडियम में आयोजित 'नमस्ते ट्रंप' कार्यक्रम के संबोधन की शुरुआत राष्ट्रपति ट्रंप ने 'नमस्ते' के साथ की है। इस दौरान ट्रंप ने पीएम मोदी की तारीफों के पुल बांधे और उन्हें एक असाधारण नेता करार दिया। स्टेज पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ फर्स्ट लेडी मेलानिया ने भी मंच साझा किया। राष्ट्रपति ट्रंप पहले अहमदाबाद पहुंचे हैं और मोटेरा स्टेडियम पहुंचने से पहले उन्होंने रोड शो में भारतीय संस्कृति की एक झलक को करीब से देखा।

'आपकी मेहमाननवाजी को हमेशा याद रखेंगे'
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने संबोधन कहा, 'हम हमेशा इस असाधारण मेहमाननवाजी को हमेशा याद रखेंगे। हमारे दिलों में भारत के लिए हमेशा एक खास जगह रहेगी। पीएम मोदी ने एक चाय वाला के तौर पर शुरुआत की और एक चाय बेचने वाले के तौर पर काम किया। हर कोई उन्हें प्यार करता है मगर मैं बता दूं कि वह काफी सख्त हैं।' अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने इसके साथ ही आगे कहा, 'पीएम मोदी आप सिर्फ गुजरात का गौरव ही नहीं है बल्कि आप एक जीता-जागता उदाहरण है कि कैसे कड़ी मेहनत और समर्पण भाव के साथ भारतीय कुछ भी हासिल कर सकते हैं, जो वे जो सोचते हैं सबकुछ हासिल कर सकते हैं।' उन्होंने कहा कि पीएम मोदी एक असाधारण कहानी को आगे बढ़ा रहे हैं।

आतंकवाद और पाकिस्तान का जिक्र
ट्रंप ने अपने संबोधन में कहा, 'अमेरिका और भारत आतंकवादियों को रोकने और उनकी विचारधारा से लड़ने के लिए मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मेरी सरकार पाकिस्तान के साथ सकारात्मक रूप से काम कर रही है ताकि पाकिस्तानी सीमा पर काम करने वाले आतंकवादी संगठनों और आतंकवादियों पर नकेल कसी जा सके। आज आईएसआईएस का सफाया हो गया है। भारत और अमेरिका आतंकियों को रोकने में जुटे हुए हैं। हर देश को हक है कि वह अपनी सरहदों को सुरक्षित रखे।' ट्रंप ने इसके साथ ही इस बात पर भी जोर दिया कि भारत और अमेरिका दोनों ही अपनी सीमाओं को सुरक्षित करने की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि घुसपैठियों को सीमा में दाखिल होने से रोकना हर देश का अधिकार है।

अमेरिका में बेरोजगारी सबसे कम
डोनाल्ड ट्रंप ने इस दौरान कहा, 'अमेरिका के लिए यह समय काफी उत्साहवर्धन करने वाला है। बेरोजगारी सबसे कम स्तर पर है। हमारी मिलिट्री को फिर से तैयार कर लिया गया है। अब यह दुनिया की सबसे ताकतवर मिलिट्री है। ट्रंप के मुताबिक यही वजह है कि दोनों नेता अहमदाबाद में साझा सांस्कृतिक विरासत के उत्सव के जश्न को मनाने के लिए इकट्ठा हुए हैं। ट्रंप ने इस दौरान कहा कि अमेरिका, भारत को बेहतरीन मिलिट्री उपकरणों की बिक्री के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत दोनों ही इस्लामिक चरमपंथी मुहिम को मिलकर खत्म करने के लिए दृढ़ संकल्प है। साथ ही अमेरिका रक्षा सहयोग के क्षेत्र में भारत के साथ मजबूत रिश्ते कायम करना चाहता है। ट्रंप ने इसके साथ ही कहा, ' मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि कल हमारे प्रतिनिधि तीन बिलियन डॉलर से अधिक के सौदे पर हस्ताक्षर करेंगे।

ट्रंप को याद आई DDLJ
ट्रंप ने इसके साथ ही बॉलीवुड का जिक्र भी अपने संबोधन में किया। उन्होंने कहा, 'भारत हर साल 2000 से अधिक फिल्में बनाता है, जो बॉलीवुड है। पूरी दुनिया में इसका स्वागत किया जाता है, लोग भांगड़ा-म्यूज़िक का जिक्र करते हैं, लोगों को DDLJ भी काफी पसंद है। भारत ने दुनिया को सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली जैसे बड़े खिलाड़ी दिए।' ट्रंप ने यह भी कहा, 'भारत की पूरे विश्व में इस बात के लिए तारीफ की जाती है कि यहां लाखों हिन्दू, मुस्लिम, सिख, जैन, ईसाई और यहूदी साथ-साथ प्रार्थना करते हैं। भारत की एकता पूरे विश्व के लिए एक मिसाल है।ट्रंप बोले- यहां महात्मा गांधी ने मशहूर नमक यात्रा की।'












Click it and Unblock the Notifications