नालंदा: दो स्कूली छात्रों की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने डायरेक्टर को मार डाला, आंख भी निकाल ली
नालंदा। बिहार के नालंदा के नीरपुर गांव में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सनीसनी फैला दी है। यहां के देवेन्द्र पब्लिक स्कूल के दो छात्रों की मौत के बाद गुस्साए गांव वालों ने स्कूल के डायरेक्टर देवेन्द्र प्रसाद को पीट-पीटकर मार डाला। खबर यह भी आ रही है कि डायरेक्टर जब अधमरा हो गये तो गुस्साए गांव वालों ने उनकी एक आंख भी निकाल ली। इस पूरे मामले में सोमवार को लोग सड़क पर उतर आए हैं और रास्ता जाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं दोनों बच्चों के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना बताया गया है। यानी कि दोनों छात्रों की मौत डूबने से हुई है।
एसपी नालंदा से प्राप्त जानकारी के मुताबिक देवेन्द्र प्रसाद की पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई। दरअसल हुआ यह कि देवेन्द्र पब्लिक स्कूल के दो छात्रों का शव पानी भरे गड्ढे में मिला था। गांव वालों ने जब शव को पानी से बाहर निकाला तो तो एक छात्र के आंख और कान में जख्म के निशान मिले। लोगों का आरोप है कि स्कूल के निदेशक ने छात्रों की पिटाई की है जिससे दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मरने वाले छात्र गांव के ही मनोहर प्रसाद के बेटे रवि कुमार और श्याम किशोर प्रसाद के बेटे सागर कुमार हैं।
इस घटना से गुस्साए गांव वाले स्कूल पहुंच गये और तोड़फोड़ शुरु कर दी। मामले को समझते हुए निदेशक देवेंद्र प्रसाद ने कहा कि दोनों छात्र आज सुबह बिना बताए स्कूल के बाहर निकल गए थे। मगर गांव वालों पर खून सवार था और उन लोगों ने स्कूल में तोड़फोड़ की और स्कूल के निदेशक देवेंद्र प्रसाद के साथ मारपीट की। गांव वालों ने स्कूल की एक वैन को आग के हवाले करने के साथ एक रसोई गैस सिलेंडर की मदद से स्कूल के दो कमरों में आग लगा दी, जिससे वहां रखा फर्नीचर जल गया।
गांव वालों ने निदेशक को इस तरह मारापीटा की मौत के कागार पर आ गये। उसके बाद उनकी एक आंख निकाल ली गई जिससे उनकी मौत हो गई। हिंसा पर उतारू लोगों को नियंत्रित करने घटनास्थल पहुंची पुलिस पर भी उपद्रवियों ने पथराव किया, जिसमें छह पुलिसकर्मी चोटिल हो गए हैं।
डूबने से हुई दोनों छात्रों की मौत: पोस्टमार्टम रिपोर्ट
मौत मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से नया ट्विस्ट आ गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों ही बच्चों की मौत पानी में डूबने से हुई है और बच्चों के शरीर पर किसी भी बाहरी चोट के निशान नहीं हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 12 साल के राहुल और 9 साल के सागर की मौत पानी में डूबने से हुई है। बच्चों के शरीर पर किसी बाहरी चोट का निशान नहीं है। हालांकि, सागर की आंख के पास हल्की चोट के निशान हैं, लेकिन रिपोर्ट में कहा गया है कि यह तालाब में कूदने के क्रम में लगी चोट से हो सकता है।













Click it and Unblock the Notifications