North East में भी नहीं टिकी कांग्रेस, त्रिपुरा-मेघालय-नगालैंड के नतीजों ने उड़ाई नींद, बीजेपी गदगद
गुजरात के बाद नार्थ ईस्ट में भी बीजेपी का भगवा झंडा लहराया और कांग्रेस को पटखनी दी। त्रिपुरा से लेकर नगालैंड और मेघालय तीनों जगहों पर कांग्रेस के दावों की हवा निकल गई।

Nagaland Tripura Meghalaya assembly Election Results 2023: अगले साल 2024 में सत्ता के फाइनल के पहले नॉर्थ ईस्ट के नतीजों ने भी कांग्रेस की धड़कन बढ़ा दी है। वहीं बीजेपी के लिए गुजरात के बाद त्रिपुरा, नगालैंड के रिजल्ट ने और ऑक्सीजन बढ़ाने का काम कर दिया हैं। कांग्रेस की भारत जोड़ों यात्रा के बीच बुलंद होते एकजुटता के नारे भी यहां काम नहीं आए। पिछले बार के मुकाबले मेघालय में भी कांग्रेस की सीटों का स्कोर धड़ाम हो गया। इन नतीजों के बाद कांग्रेसी दिग्गज अब मंथन करने की बात कह रहे हैं। वहीं बीजेपी का मानना है कि जीत का यह रंग एमपी समेत तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में भी नजर आएगा।

गुजरात के बाद नार्थ ईस्ट के त्रिपुरा और नगालैंड में भी बीजेपी में धमाका किया। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की उन उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया, जिनके बलबूते इस बेल्ट में मिशन 2024 में पार्टी सुनहरे सपने देख रही थी। त्रिपुरा, नगालैंड में कांग्रेस का ऐसा बुरा हाल होगा, दिग्गजों ने यह सपने में भी नहीं सोचा था। त्रिपुरा में कांग्रेस को लगा था कि लेफ्ट के साथ मिलकर उसकी किस्मत चमकेगी। चुनाव प्रचार के वक्त भले ही कोई बड़ा चेहरा यहां प्रचार के लिए नहीं पहुंचा। लेकिन गठबंधन से किसी की भी निगाह नहीं हटी। कुल 60 सीटों में कांग्रेस की दो सीटों के साथ लेफ्ट महज 14 सीटें ही हासिल कर पाई। जबकि पिछले बार 2018 में 16 सीटें थी।
नगालैंड में बीजेपी ने एनडीपीपी के साथ चुनाव लड़ने की रणनीति बनाई थी। दोनों के गठबंधन की पटरी बैठी और जीत का सेहरा बंध गया। कुल 59 सीटों पर हुए चुनाव में बीजेपी के 20 उम्मीदवारों में से 13 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। एनडीपीपी के 40 में से 25 कैंडिडेट जीते। मेघालय में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी चुनाव प्रचार में पहुंचे थे। लेकिन यहां के परिणामों ने भी कांग्रेस के होश उड़ा दिए। कांग्रेस के सिर्फ 5 उम्मीदवार ही जीत सकें। आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से इन नतीजों ने कांग्रेस का सिर दर्द बढ़ा दिया हैं। इसी साल एमपी, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के चुनौती और बढ़ गई है।












Click it and Unblock the Notifications