Nagaland Result:नागालैंड की पहली महिला MLA बनीं हेकानी जखालू, 60 साल का पलट दिया इतिहास
Nagaland election result 2023: नागालैंड में पहली बार कोई महिला विधायक चुनी गई है। दीमापुर-3 विधानसभा सीट से हेकानी जखालू सत्ताधारी एनडीपीपी की उम्मीदवार थीं।

Nagaland assembly election result 2023: नागालैंड में 60 साल में पहली बार कोई महिला विधानसभा चुनाव जीती है। यह कामयाबी हासिल करने वाली महिला उम्मीदवार हैं, हेकानी जखालू। उन्होंने सत्ताधारी नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी के टिकट पर चुनाव में सफलता पाई है। जखालू नागालैंड की दीमापुर-3 विधानसभा सीट से मैदान में थीं। उन्होंने अपने निकटम प्रतिद्वंद्वी लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) की अज्हेतो झिमोनी को 1536 वोटों से परास्त किया है। इस सीट पर जखालू को 14,395 वोट मिले हैं, जबकि झिमोनी को 12,859 वोट हासिल हुए हैं। इन दोनों प्रत्याशियों के अलावा इस सीट पर अधिकतर उम्मीदवारों की जमानतें जब्त हो गई हैं।
बहुत ही खराब रहा कांग्रेस का प्रदर्शन
इस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार को 370 और नोटा को 134 वोट मिले हैं। वही निर्दलीयों लुन तुंगनुंग को 2445 और कहाहुतो चिशी सुमी को 1671 मत हासिल हुए हैं । नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) राज्य में बीजेपी की सहयोगी दल है, जिसे 25 सीटों पर बढ़त मिली है, जबकि बीजेपी 14 सीटों पर आगे है।
दीमापुर-3 सीट पर चुनाव अभियान के दौरान असम के मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने लोगों से अपील की थी कि जखालू की जीत सुनिश्चित करके नागालैंड और देश में नारी सशक्तिकरण में योगदान दें। राज्य विधानसभा चुनाव में इसबार सिर्फ 4 महिला प्रत्याशियों को ही टिकट मिला था।
48 साल की हेकानी जखालू कानून की छात्रा रही हैं। वह सैन फ्रांसिस्को यूनिवर्सिटी से पढ़ाई कर चुकी हैं। उन्होंने चुनावी हलफनामे में 5.58 करोड़ रुपए की संपत्ति बताई है, जबकि 41.95 लाख रुपए की उनपर देनदारी भी है।
Recommended Video
उनके और उनके पति के पास 6 कारें हैं, जिसकी कीमत 1.32 करोड़ रुपए से ज्यादा बताई गई है। हेकानी जो घड़ी पहनती हैं, उसकी कीमत उन्होंने दो लाख रुपए बताई है। हालांकि, नागालैंड की पहली महिला विधायक के पास अपने नाम पर कोई घर नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications