Nabanna Abhiyan protest: एक साल बाद भी न्याय की उम्मीद, आरजी कर रेप केस की पहली बरसी पर हावड़ा में हाई अलर्ट
Nabanna Abhiyan protest: हावड़ा (पश्चिम बंगाल) में शनिवार, 9 अगस्त को सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, क्योंकि आरजी कर मेडिकल कॉलेज की छात्रा डॉक्टर के रेप और हत्या (RG Kar rape murder case) मामले की पहली बरसी पर छात्र संगठनों और भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 'नबन्ना अभियान' (Nabanna Abhiyan) विरोध मार्च का ऐलान किया है।
इस प्रदर्शन में पीड़िता के माता-पिता भी शामिल होंगे। राज्य पुलिस ने अतिरिक्त बल, दंगा नियंत्रण वाहन और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती कर दी है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

सुवेंदु अधिकारी का ऐलान - पीड़िता के लिए न्याय की लड़ाई जारी
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "उस अभागे दिन की बरसी पर, जब ड्यूटी के दौरान आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हमारी बहन 'अभया' के साथ रेप कर उसकी हत्या कर दी गई थी, मैं श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। अभया के माता-पिता के आह्वान पर और इस जघन्य अपराध को प्रशासनिक मिलीभगत से दबाने, सबूत नष्ट करने और दोषियों को बचाने की साजिश के खिलाफ, मैं आज 'नबन्ना अभियान' में शामिल होऊंगा, न्याय की उम्मीद के साथ।"
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मार्च सिर्फ पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए नहीं, बल्कि बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी एक प्रतीकात्मक लड़ाई है।
पीड़िता के पिता का CBI और पुलिस पर गंभीर आरोप
प्रदर्शन से पहले पीड़िता के पिता ने सीबीआई और कोलकाता पुलिस की जांच को लेकर गहरी नाराज़गी जताई। उन्होंने कहा, "हम एक साल से न्याय के लिए भटक रहे हैं। दिल्ली आए हैं ताकि सीबीआई पर दबाव बना सकें। हम सीबीआई डायरेक्टर से मिलने की कोशिश करेंगे। अगर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिल पाते हैं तो शायद वे सीबीआई को ईमानदारी से जांच करने के लिए कहें। सीबीआई और कोलकाता पुलिस ने लोगों के सामने गलत तस्वीर पेश की है।"
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य के कॉलेजों में ऐसे अपराध बार-बार हो रहे हैं और सरकार इसे रोकने के बजाय सत्ता में बने रहने के लिए पैसे और वोट की राजनीति में लगी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी झूठ बोलती हैं। सीबीआई के जांच अधिकारी भी झूठ बोलते हैं। कम से कम 30-40 लोग इस अपराध में शामिल हैं, जिनमें सबूत नष्ट करने वाले भी शामिल हैं। स्वास्थ्य सचिव इस अपराध से जुड़े हैं और उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
RG Kar rape murder case: आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप-मर्डर केस
9 अगस्त 2024 का है, जब 31 वर्षीय महिला पीजी ट्रेनी डॉक्टर का शव कॉलेज कैंपस के सेमिनार रूम में मिला था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बलात्कार और हत्या की पुष्टि हुई थी। इस घटना के बाद राज्यभर में गुस्से की लहर फैल गई और डॉक्टरों, छात्रों तथा आम जनता ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किए।
कोलकाता पुलिस की जांच से असंतुष्ट होकर कलकत्ता हाई कोर्ट ने केस की जांच सीबीआई को सौंप दी। सीबीआई ने अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन पीड़िता के परिवार का आरोप है कि जांच धीमी है और असली दोषियों को बचाया जा रहा है।
आज की 'नबन्ना अभियान' रैली को देखते हुए हावड़ा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। माना जा रहा है कि इस विरोध मार्च में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे, जिससे राज्य की सियासत और गरमा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications