मुंबई: आधार कार्ड ना होने पर टीचर ने छात्र को बेरहमी से पीटा, अस्पताल में भर्ती

मुंबई। मुंबई में 16 साल के एक छात्र की उसके टीचर ने बुरी तरह से बेैंत से पिटाई की। छात्र की खता ये थी कि उसके पास आधार कार्ड नहीं था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। छात्र के साथ मारपीट का ये मामला घाटकोपर इलाके का है। हालांकि आरोपी टीचर ने बच्चे की पिटाई करने से इनकार किया है लेकिन पुलिस को मिली सीसीटीवी फुटेज में वह बैंत से बच्चे के हाथ और सिर पर लगातार मारता हुआ दिख रहा है।
पुलिस के मुताबिक, घाटकोपर के ऑक्सफोर्ड इंग्लिश हाई स्कूल में टीचर श्याम बहादुर विश्वकर्मा ने नौवीं क्लास में पढ़ने वाले सुहैल अंसारी नाम के छात्र को बैंत से बुरी तरह से पीटा, जिसकी शिकायत मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि टीचर ने एक दिन पहले सभी स्टूडेंट्स से आधार कार्ड लाने के लिए कहा था। अगले दिन दूसरे छात्र आधार कार्ड ले आए लेकिन सुहैल आधार कार्ड नहीं लाया। इसी बात पर टीचर ने उसे बैंत से मारना शुरू कर दिया। इससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सायन अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
टीचर को बताई थी चोट लगी होने की बात
पीड़ित स्टूडेंट के भाई शोएब ने बताया कि तीन महीने पहले सिर में चोट लगने के बाद सुहेल का ऑपरेशन हुआ था। टीचर ने उसको फिर से सिर में बैंत मारी दी जिससे फिर एक बार उसके सिर में चोट लग गई है। सुहेल के साथी छात्रों ने बताया कि सुहेल ने सिर में चोट लगी होने की बात कही थी लेकिन टीचर ने नहीं सुना और लगातार उसके सिर पर मारा, इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। वहीं स्कूल मैनेजमेंट ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी टीचर को हटाने की बात कही है।
पढ़ें- जन्म के महज 6 मिनट के भीतर बच्ची को मिला आधार नंबर












Click it and Unblock the Notifications