अमित शाह-उद्धव की मुलाकात से पहले शिव सेना का BJP पर हमला, 'उपचुनाव हारे तो आई सहयोगियों की याद'
मुंबई: बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और शिव सेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बीच मुलाकात से कुछ घंटे पहले ही दोनों दलों के बीच तनातनी एक बार फिर सामने आई है। शिवसेना के मुखपत्र 'सामना' में बीजेपी के 'संपर्क फॉर समर्थन' को लेकर निशाना साधा है और कहा है कि शिव सेना 2019 लोकसभा चुनाव में अकेले चुनाव लड़ेगी।

ये पहली बार नहीं है जब शिवसेना ने बीजेपी पर निशाना साधा है। पालघर उपचुनाव के दौरान भी उद्धव ठाकरे ने यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया था।

उपचुनावों में बीजेपी की हार पर कसा तंज
'सामना' के संपादकीय में बुधवार को अमित शाह की एनडीए सहयोगियों से मुलाकात पर सवाल उठाए गये हैं और इसके पीछे लोकसभा और विधानसभा उपचुनावों में बीजेपी की हार को बड़ी वजह बताया गया है। शिव सेना ने पालघर में अपना दम दिखाया। ऐसी स्थिति में बीजेपी के 'संपर्क फॉर समर्थन' का यही कारण हो सकता है।

'सामना' के संपादकीय में बोला हमला
शिवसेना ने बीजेपी के संपर्क फॉर समर्थन अभियान पर तंज कसते हुए कहा है कि बीजेपी ने ऐसे समय में ये अभियान शुरू किया जब पीएम मोदी विदेश दौरे पर हैं। बीजेपी का जनता से संपर्क टूट गया है और इसपर सोचने की जरूरत है कि ऐसा क्यों हुआ। उपचुनावों में बीजेपी ने 4 लोकसभा में से एक सीट पर जीत हासिल की जबकि 10 विधानसभा सीटों में से एक पर जीत हासिल की।

पालघर में शिवसेना और BJP आमने-सामने थी
पालघर में शिवसेना ने पहली बार उम्मीदवार उतारा और बीजेपी को वहां जीत मिली। लेकिन उद्धव ठाकरे ने इसे पार्टी की हार मानने से इंकार कर दिया और ईवीएम पर सवाल उठाए थे। बता दें कि बुधवार शाम को ही बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बीच मुलाकात होनी है।












Click it and Unblock the Notifications