भारी बारिश के बीच मुंबई पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, बहुत जरूरी तो तभी निकलें घर से बाहर
नई दिल्ली। मुंबई में लगातार हो रही बारिश के कारण जगह-जगह जलजमाव हो गया है। शनिवार को भी मुंबई उपनगर में काफी देर से बारिश हो रही है, जिसके कारण नालासोपारा वसई इलाकों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है। ठाणे नगर निगम ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए सभी सरकारी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं, भारी बारिश को देखते हुए मुंबई पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।

मुंबई पुलिस के मुताबिक, उपनगर की कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। भारी बारिश के बीच मुंबई पुलिस ने उन इलाकों के बारे में नोटिफिकेशन जारी किया है जहां ट्रैफिक प्रभावित रहा है। एसवी रोड अंधेरी सबवे, सिद्धेश्वर मंदिर जेट्टी मलाड़, किंग्स सर्कल ईस्टर्न एक्सप्रेसवे और कई मार्गों के बारे में मुंबई पुलिस ने जानकारी दी है। पुलिस ने कहा कि अगर बहुत जरूरी हो तभी घरों से बाहर निकलें।
पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि अगर साउथ मुंबई की तरफ जा रहे हैं तो बांद्रा वर्ली सी लिंक रोड होते हुए जाएं। बता दें कि जोगेश्वरी में हुई भारी बारिश के बाद मुंबई के वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर पानी भर गया है। भूस्खलन के कारण रायगढ़ में मुंबई-गोवा हाईवे पर आवाजाही स्थगित कर दी गई है। मौसम विभाग के मुंबई कार्यालय में उप महानिदेशक (मौसमविज्ञान) केएस होसालिकर ने ट्वीट किया था कि खाड़ी के ऊपर बन रहे कम दबाव के क्षेत्र की वजह से शनिवार रात और रविवार को मुंबई में भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, पालघर सहित उत्तर कोंकण इलाके में अगले चार से 6 घंटे तक भारी बारिश जारी रहेगी। पालघर के कलेक्टर कैलाश शिंदे ने जिले के सभी स्कूल और कॉलेज बंद करने का आदेश दिया है। मुंबई में हो रही बारिश से वहां की सड़कों और घरों में पानी भर गया है, जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है।












Click it and Unblock the Notifications