मुंबई: पालतू कुत्ते की बहादुरी ने महिला को रेप से बचाया, रात में बिना शर्ट खिड़की से घुसे शख्स को देख किया ये काम
नई दिल्ली। मुंबई में एक महिला को उसके पालतू कुत्ते ने ऐन वक्त पर होशियारी दिखाते हुए रेप से बचा लिया। आरोपी रात को महिला के घर में घुस आया था, जिसे बिना शर्ट के महिला के कमरे की ओर जाते देख उसके कुत्ते ने लगातार भौंकना शुरू कर दिया। जिससे महिला जाग गई। इसके बाद कुत्ता आरोपी पर झपटा तो वो वहां से फरार हो गया। महिला की शिकायत पर आरोपी शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

खिड़की से घुस आया आरोपी
मुंबई पुलिस को दी गई शिकायत में 33 साल की महिला ने बताया है कि वो पवई इलाके में किराए के घर में रहती है। वह विधवा है और अपने सात साल के बेटे के साथ रहती है। उसने बताया है कि 25 साल का सदर आलम उसका पीछा कर रहा था और उसपर दोस्ती कर लेने का जोर डाल रहा था। महिला ने बताया है कि सदर मंगलवार रात 3 बजे खिड़की से उसके घर में घुस आया। उसने शर्ट नहीं पहनी थीं और उसका इरादा जबरदस्ती करने का था।

कुत्ते के लगातार भौंकने से भागा
पुलिस अधिकारी ने कहा कि जैसे ही आरोपी घर के अंदर गया, पालतू कुत्ते ने भौंकना शुरू कर दिया। कुत्ते के भौंकने से महिला उठ गई और आरोपी घटनास्थल से भाग गया। इसके बाद महिला ने ने मदद के लिए पुलिस को फोन किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला जाना और केस दर्ज किया। पुलिस ने आईपीसी धारा 452 और धारा 354 (D) के तहत मुकदमा दर्ज किया।

आरोपी को किया गिरफ्तार
पवई पुलिस ने बताया है कि आरोपी को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल का है और कुछ साल पहले मुंबई में रहा है। बुधवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस पूरे मामले में जिस तरह से पालतू कुत्ते ने महिला की मदद की और उसे बचाया। वो सबका ध्यान खींच रहा है। हाल ही में उत्तराखंड के अल्मोडा में एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया था। ऐसे में महिला का कुत्ता गुलदार से भिड़ गया था और किसी तरह मालकिन की जान बचाई थी। (सभी तस्वीरें सांकेतिक हैं)












Click it and Unblock the Notifications