मुबंई में 4 करोड़ के सोने के साथ पकड़ा गया युवक, तलाशी में मिला कोरियाई पासपोर्ट
मुंबई के छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार को सीआईएसएफ के जवानों ने सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री को सोने की 15 छड़ों के साथ गिरफ्तार किया।
मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में तस्करी के लिए लाए जा रहे सोने की एक बड़ी खेप पकड़ी गई है। मुंबई के छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार को सीआईएसएफ के जवानों ने सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री को सोने की 15 छड़ों के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए सोने की कीमत करीब चार करोड़ रुपए बताई जा रही है। सीआईएसएफ के अधिकारियों ने बताया कि पकड़ा गया यात्री हॉन्ग-कॉन्ग से मुंबई आया था। तलाशी में उसके पास कोरिया का पासपोर्ट मिला है।

इससे पहले बीते शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में अवैध रूप से लाया जा रहा सोना पकड़ा गया। राजस्व खुफिया निदेशालय के अधिकारियों ने कामरूप एक्सप्रेस में 4.96 किलो वजन के सोने के बिस्कुटों के साथ 2 लोगों को गिरफ्तार किया। निदेशालय को सूचना मिली थी कि दो लोग अवैध रूप से सोने की एक बड़ी खेप लेकर ट्रेन में सफर कर रहे हैं। इन युवकों के पास से पकड़े गए सोने की कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
वहीं, बुधवार को मध्य प्रदेश में भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ ने दो युवकों को 2.5 किलो सोने के साथ गिरफ्तार किया था। जब्त किए गए सोने की कीमत करीब 75 लाख रुपए बताई गई। जानकारी के मुताबिक मुंबई से आई जेट एयरवेज की फ्लाइट से ये दो युवक भोपाल आए थे। एयरपोर्ट पर सामान की चेकिंग के दौरान इनके पास से यह सोना मिला। सोना पकड़े जाते ही सीआईएसएफ के जवानों ने इन दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।












Click it and Unblock the Notifications